पश्चिम बर्धमान जिले की एक खुली खदान में कथित तौर पर कोयले के लिए अवैध खनन कर रहे एक लड़के पर चट्टान गिरने से उसकी मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना जमुरिया थाना क्षेत्र के श्रीपुर में ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) की खुली खदान में हुई। मृतक लड़का (14 वर्षीय) जाबा गांव का रहने वाला था और कक्षा सात का छात्र था। वह क्षेत्र के अन्य लोगों के साथ अवैध रूप से कोयले का खनन कर रहा था, तभी एक बड़ा उसके ऊपर गिर गया। उन्होंने बताया कि अन्य भागने में सफल रहे, लेकिन वह भाग नहीं सका।
ईसीएल के एक अधिकारी ने कहा कि उसने खदान का संचालन करने वाली निजी इकाई से घटना के विवरण के साथ एक रिपोर्ट दाखिल करने को कहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस घटना के बाद इलाके में राजनीतिक तनाव पैदा हो गया और विपक्षी भाजपा तथा सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए। आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पॉल ने हादसे के लिए ईसीएल और पुलिस को जिम्मेदार ठहराया।
उन्होंने कहा, 'वर्तमान में पश्चिम बंगाल में कोई रोजगार नहीं है। इसलिए गरीब लोग अपनी जान जोखिम में डालकर इन चीजों को करने के लिए मजबूर हैं। ईसीएल को अधिक सावधान रहना चाहिए।' तृणमूल कांग्रेस ने मृतक लड़के के परिवार के लिए मुआवजे की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।
आसनसोल के मेयर-इन-काउंसिल सुब्रत अधिकारी ने कहा, 'हमने मुआवजे और उनके परिवार के एक सदस्य के लिए नौकरी की मांग की। खदान अधिकारियों ने परिवार को मुआवजे के रूप में तीन लाख रुपये और लड़के के पिता के लिए नौकरी देने का वादा किया है। तीन लाख में से पचास हजार उसी दिन दिए गए।
ईसीएल की नारायणकुरी खुली खदान में 12 अक्तूबर को इसी तरह की दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई थी, जब वे अवैध रूप से कोयला खनन कर रहे थे।
इस बीच, भाजपा विधायक पॉल ने अपने समर्थकों के साथ कुस्तोरिया क्षेत्र के लिए ईसीएल के महाप्रबंधक के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और 12 अक्तूबर की दुर्घटना में मारे गए लोगों के लिए मुआवजे की मांग की।