फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुंबई में बारिश से हाहाकार: केरल में IMD का ऑरेंज-येलो अलर्ट, दिल्ली-NCR और उत्तर भारत में मौसम का मिजाज कैसा?

Sun, 05 Jul 2026 05:44 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।

सार

मुंबई में बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग (IMD ) ने केरल में ऑरेंज-येलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-NCR में बारिश के बाद गर्मी से आंशिक राहत मिली। उत्तर भारत के अन्य राज्यों में मौसम का मिजाज कैसा है? पहाड़ी राज्यों को लेकर मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में क्या कहा? इस खबर में ऐसे तमाम सवालों के जवाब जानिए
विज्ञापन
बारिश के बाद अलग-अलग इलाकों का हाल - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई भारी बारिश की मार झेल रही है। मुंबई के कई पॉश और रिहायशी इलाकों से जलभराव की तस्वीरें सामने आई हैं। इन तस्वीरों में देखा जा सकता है कि जलभराव के कारण आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात की गंभीरता को भांपते हुए बृह्नमुंबई महानगरपालिका (BMC) ने सतर्कता बढ़ा दी है। मूसलाधार बारिश और खराब मौसम के बीच कई इलाकों में पेड़ गिरने से भी नुकसान हुए हैं। बीएमसी की मेयर ऋतु तावड़े ने लोगों से घरों के भीतर रहने की अपील की है। उन्होंने लोगों से कहा है कि जब तक बहुत जरूरी ना हो घरों से बाहर निकलने से परहेज करें। उन्होंने जरूरत पड़ने पर बीएमसी की हेल्पलाइन की मदद लेने का सुझाव भी दिया है।

विज्ञापन

मुंबई एयरपोर्ट से विमान संचालन में बाधा?

भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण रविवार को मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक घंटे के लिए रनवे संचालन निलंबित कर दिया गया। इससे उड़ान सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यह निलंबन सुबह 10:17 बजे से 11:17 बजे तक रहा। कई आने-जाने वाली उड़ानें प्रभावित हुईं। यात्रियों को प्रस्थान में औसतन 75 मिनट और आगमन में कम से कम 28 मिनट की देरी हुई। लाइव फ्लाइट-ट्रैकिंग वेबसाइट- फ्लाइट रडार 24 के अनुसार, 87 फीसदी उड़ानें देरी से थीं और 62 फीसदी देर से पहुंचीं। मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने बताया कि 42 नॉट्स तक की तेज हवाओं और कम दृश्यता के कारण सुरक्षा हेतु रनवे संचालन रोका गया था। मौसम सुधरने पर एक घंटे बाद सामान्य संचालन फिर से शुरू हुआ। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) सूत्रों के अनुसार, हवाई अड्डा प्रतिदिन 980 से 1,000 उड़ानें संभालता है। फ्लाइट रडार 24 के आंकड़ों के अनुसार, मौसम के कारण 3 फीसदी शहर-बाउंड उड़ानें रद्द हुईं।
विज्ञापन

महाराष्ट्र में भारी बारिश से कितना नुकसान?

  • मुंबई के बांद्रा में उद्योगपति मुकेश अंबानी के सुरक्षा काफिले के सामने पेड़ गिरने से यातायात बाधित हुआ।
  • मुंबई के कुछ हिस्सों में पेड़ों की बड़ी-बड़ी शाखाएं वाहनों पर भी गिरीं। पेड़ों के गिरने से कई वाहन मालिकों को नुकसान झेलना पड़ा।
  • रायगड में भारी बारिश से जलस्तर बढ़ने पर फंसे 10-12 पर्यटक, अदोशी जलप्रपात के पास से बचाए गए।


मूसलाधार बारिश से मुंबई कितनी हलकान?

  • मुंबई, ठाणे और पालघर में भारी बारिश जारी रहने के कारण सोमवार को सभी सरकारी, निजी और नगर निगम संचालित स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी।
  • 30 जून से अब तक एक स्कूली छात्र सहित कम से कम तीन लोगों की मौत।
  • गोरेगांव ईस्ट के आरे कॉलोनी इलाके में बाइक से जा रहे 18 वर्षीय युवक पर गिरी पेड़ की टहनी, मौत।
  • रविवार को मुंबई हवाई अड्डे पर एक घंटे के लिए रनवे संचालन निलंबित।
  • इंडिगो की 4 उड़ानें रद्द, अलग-अलग एयरलाइन ऑपरेटरों के 13 विमानों का मार्ग बदलना पड़ा।


केरल में कैसा है मौसम का मिजाज, IMD ने क्या कहा?

केरल के कई हिस्सों में रविवार को बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले तीन दिनों के लिए उत्तरी जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है, जिसके लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किए गए हैं। रविवार को त्रिशूर, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में येलो अलर्ट है, जो 24 घंटे में 64.5 मिमी से 115.5 मिमी तक भारी बारिश की संभावना दर्शाता है। 6 जुलाई को कन्नूर और कासरगोड के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। 7 जुलाई को कोझिकोड, कन्नूर और कासरगोड जिलों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट है, जिसका मतलब 24 घंटे में 115.6 मिमी से 204.4 मिमी तक बहुत भारी बारिश है। केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (KSDMA) ने भूस्खलन और बाढ़ संभावित क्षेत्रों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा है। नदी किनारे रहने वालों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। KSDMA ने आपातकालीन किट तैयार रखने को कहा है, और बताया कि राज्य भर में चौबीसों घंटे तालुका और जिला नियंत्रण कक्ष काम कर रहे हैं। सहायता के लिए टोल-फ्री आपातकालीन नंबर 1070 और 1077 उपलब्ध हैं।

मुंबई में बारिश के बाद का मंजर - फोटो : पीटीआई

उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम ने आज दिल्ली-एनसीआर के अलावा उत्तर प्रदेश में भी करवट बदली। मेरठ शहर और आसपास के जिलों में रविवार को हुई झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल दिया। सुबह से ही तेज धूप और बादलों की लुका-छिपी के बीच उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर रखा था, लेकिन दोपहर बाद अचानक हुए बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली। मेरठ में कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने बताया कि वातावरण में नमी अधिक होने और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के कारण दोपहर बाद बारिश हुई। उन्होंने कहा कि अगले 24 से 48 घंटे के दौरान भी जिले और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पांच से सात जुलाई के बीच मानसूनी बारिश बुंदेलखंड और विंध्य क्षेत्र में केंद्रित होगी। आठ जुलाई से प्रदेश में फिर से अच्छी बारिश का दाैर शुरू होगा।

मुंबई में बारिश के बाद का मंजर - फोटो : पीटीआई

दिल्ली में बारिश से मिली उमस से राहत, छतरपुर में सर्वाधिक वर्षा
रविवार को दिल्ली के कई हिस्सों में मध्यम बारिश हुई, जिससे उमस भरे मौसम से काफी राहत मिली। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, दोपहर 2:30 बजे तक छतरपुर में सर्वाधिक 49 मिमी वर्षा दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि गुरुग्राम में 35 मिमी, महरौली में 18 मिमी, ग्रेटर नोएडा में 17 मिमी, नजफगढ़ में 8 मिमी और जनकपुरी में 7 मिमी बारिश हुई। सुबह राष्ट्रीय राजधानी का न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसमी औसत से 1.3 डिग्री अधिक था। मौसम विभाग ने दिन में आमतौर पर बादल छाए रहने और मध्यम बारिश का अनुमान जताया है, जिसमें अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। सुबह 8:30 बजे सापेक्षिक आर्द्रता 77 फीसदी दर्ज की गई। इस बीच, रविवार को दिल्ली की वायु गुणवत्ता 'मध्यम' श्रेणी में रही, जहां समीर ऐप के अनुसार दोपहर 3:33 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 162 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड 101 से 200 के बीच AQI को 'मध्यम' मानता है।

बारिश के बाद का मंजर - फोटो : पीटीआई
झारखंड में अगले चार दिन बारिश का अनुमान
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार को झारखंड में अगले चार दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। गरज, बिजली और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 6 से 9 जुलाई तक सभी 24 जिलों के लिए 'येलो' अलर्ट जारी किया गया है।

ये भी पढ़ें- Bihar Weather: पटना में झमाझम बारिश ने गर्मी से दिलाई राहत, इन जिलों में अलर्ट जारी; जानिए मौसम का हाल

किन जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट?
मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, रांची में भारी बारिश हो सकती है। मंगलवार को गिरिडीह, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, साहिबगंज सहित आठ उत्तर-पूर्वी जिलों में भारी वर्षा की उम्मीद है। बुधवार को पांच अन्य जिलों में भी भारी बौछारें पड़ने की संभावना है। IMD रांची के उप निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार, अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस घट सकता है। यह धान की रोपाई के लिए उचित समय है। पिछले 24 घंटों में पश्चिम सिंहभूम के जगन्नाथपुर में 50.4 मिमी सर्वाधिक बारिश दर्ज हुई। डाल्टनगंज और पाकुड़ में अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य में 4 जुलाई तक 45 फीसदी बारिश की कमी दर्ज की गई है।
 
विज्ञापन

अलग-अलग इलाकों से आई तस्वीरों में दिखी मौसम की मार-


















 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें