उत्तर भारत में अगले पांच दिन न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होगा। हालांकि, अगले दो दिन में हिमाचल प्रदेश और पंजाब के कुछ इलाकों में घना कोहरा छा सकता है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी अगले 5 दिन में हल्का कोहरा हो सकता है।
मौसम विभाग ने बताया कि बृहस्पतिवार को राजस्थान के चूरू में देश के मैदानी इलाकों का न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री तक अधिक उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई क्षेत्रों में मिला है। वहीं पूर्वी राजस्थान व पश्चिमी मध्य प्रदेश सहित महाराष्ट्र, गोवा व कर्नाटक के कई क्षेत्रों में तापमान सामान्य से 3 डिग्री तक कम रहा। अधिकतम तापमान भी सामान्य से 3 डिग्री ऊपर उत्तराखंड, पश्चिमी यूपी, पश्चिमी राजस्थान, गुजरात के कुछ हिस्सों में रहा। महाराष्ट्र के रत्नागिरी में देश का सर्वाधिक तापमान 35 डिग्री दर्ज हुआ।
जम्मू के भी कई जिलों में पारा शून्य के करीब
उधर, कश्मीर घाटी के बाद जम्मू संभाग के भी कई जिलों में न्यूनतम तापमान शून्य के करीब पहुंच गया है। संभाग के बनिहाल में न्यूनतम तापमान 1.2, बटोत में 4.7, कटड़ा में 9.0 और भद्रवाह में 3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया । हाड़ कंपा देने वाली ठंड के बीच कारगिल में न्यूनतम तापमान माइनस 11.3 और लेह में माइनस 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने ठंड को लेकर पूर्वानुमान जारी कर दिया है। इसके अनुसार दिसंबर से फरवरी तक देश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे जा सकता है। इस दौरान उत्तर भारत के कई हिस्सों में शीतलहर चलने का अनुमान है।
बंगाल की खाड़ी में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्व और पश्चिम उत्तर बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा। इसके असर से तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र, केरल समेत कई राज्यों में मौसम बदल सकता है। हल्की से मध्यम वर्षा व तेज हवाएं चल सकती हैं।
उधर, निजी मौसम एजेंसी स्काइमेट का अनुमान है कि अगले 24 घंटों में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश होगी। जबकि मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु और केरल में हल्की बारिश हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश और जम्मू कश्मीर के ऊपरी इलाकों में भी हल्की वर्षा के आसार हैं।