फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Weather: उत्तर पश्चिम भारत में पहाड़ों पर हिमपात, मैदानों में बारिश; इन राज्यों के लिए अगले चार दिन भारी

Sat, 15 Mar 2025 08:06 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

पूर्वी और मध्य भारत के साथ ही दक्षिण भारत के विभिन्न राज्यों में पारा चढ़ रहा है और तपिश बढ़ने के साथ ही कहीं-कहीं लू भी चलने लगी है। फिलहाल दो-चार दिन मौसम का मिजाज ऐसा ही बने रहने की संभावना है।
 
विज्ञापन
मौसम - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे जम्मू क्षेत्र के निचले और मध्य क्षोभमंडल स्तरों पर एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसके चलते उत्तर पश्चिम भारत में पहाड़ियों पर भारी हिमपात के साथ बारिश हो रही है। वहीं, पंजाब और हरियाणा समेत मैदानी इलाकों में गरज के साथ बौछारें पड़ रही हैं। पूर्वोत्तर के हिमालयी हिमालयी क्षेत्रों में भी कई जगह बारिश दर्ज की गई है, लेकिन पूर्वी और मध्य भारत के साथ ही दक्षिण भारत के विभिन्न राज्यों में पारा चढ़ रहा है और तपिश बढ़ने के साथ ही कहीं-कहीं लू भी चलने लगी है। फिलहाल दो-चार दिन मौसम का मिजाज ऐसा ही बने रहने की संभावना है।

विज्ञापन

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटे के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, सिक्किम, असम और मेघालय में अधिकांश स्थानों पर हल्की बारिश के साथ बर्फबारी हुई। हरियाणा, पंजाब, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्य बारिश हुई। उत्तर पश्चिम भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश हुई और बिजली भी गिरी। असम और मेघालय में कुछ जगहों पर भारी बारिश दर्ज की गई। हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, मणिपुर, नगालैंड और असम में अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई। वहीं, उत्तर राजस्थान, हरियाणा, दक्षिण पश्चिम उत्तर प्रदेश, असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चलीं।

इसे भी पढ़ें- Weather Update: उत्तर भारत में बारिश और ओले का अलर्ट, जानें दिल्ली समेत अन्य राज्यों में कैसे रहेगा मौसम

ओडिशा, सौराष्ट्र, कच्छ और विदर्भ में अलग-अलग स्थानों पर लू चली और तेज गर्मी महसूस की गई। ओडिशा में 18 मार्च तक, सौराष्ट्र और कच्छ में 17 मार्च तक, झारखंड, पश्चिम बंगाल के गंगा किनारे वाले क्षेत्र, छत्तीसगढ़, विदर्भ, उत्तरी तेलंगाना में 18 और 19 मार्च को गर्म हवाएं चलने का अनुमान है। पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव में रविवार को उत्तराखंड में भारी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। इस दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, राजस्थान में गरज और बिजली गिरने के साथ छिटपुट और मध्यम स्तर बारिश हो सकती है और 30-40 किमी की गति से हवाएं भी चल सकती हैं। वहीं, अगले चार-पांच दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत में ओलावृष्टि और तेज हवाओं के साथ-साथ अरुणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर बर्फबारी भी हो सकती है।

कश्मीर में चोटियों पर ताजा बर्फबारी
कश्मीर घाटी की पहाड़ियों और कई मैदानी इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई है। घाटी के अन्य क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई है। अनंतनाग, कुलगाम, सोपियां और पुलवामा जिलों के मैदानी इलाकों में शनिवार को हिमपात हुआ। गुलमर्ग, सोनमर्ग और पहलगाम में भी अच्छी खासी बर्फ गिरी है। अधिकारियों ने बताया कि बांदीपोरा जिले के गुरेज और कुपवाड़ा के कुछ इलाकों में और घाटी के ज्यादातर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फ गिरने की सूचना है। मौसम विभाग ने पहले ही शनिवार को ज्यादातर स्थानों पर बारिश और कुछ जगहों पर बर्फाबारी का पूर्वानुमान जारी किया था। रविवार को भी कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है।

कर्नाटक में पारा 42.8 डिग्री तक पहुंचा
कर्नाटक के कलबुर्गी जिले में एक गांव में बीते 24 घंटे के दौरान अधिकतम पारा 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आंतरिक कर्नाटक में अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री तक की बढ़ोतरी होने की संभावना जताई है। इसको देखते हुए 18 और 19 मार्च को लू की चेतावनी जारी की गई है। राज्य के कई क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर ही रहा।
विज्ञापन

हिमाचल के चार जिलों में बर्फीले तूफान का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान हिमाचल प्रदेश के चांबा, कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में बर्फीले तूफान को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फीला तूफान आने की संभावना है। प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में शुक्रवार से हल्की बर्फबारी भी हो रही है। गोंडला में 8 सेमी, कुकुमसेरी में 4.2 और कल्पा में 2 सेमी बर्फ गिरी है। चांबा जिले के बांगी गांव में 26 फरवरी से ही बर्फबारी हो रही है, इससे रास्ते बंद हो गए हैं और गांवों वालों को तमाम मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में हो रही हैं जिन्हें बर्फ के बीच पालकी से ले जाना पड़ रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें