गुजरात के दाहोद, वडोदरा और डांग जिलों में बिजली गिरने या पेड़ गिरने की घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं, महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग 4,950 हेक्टेयर क्षेत्र में लगी फसलें बर्बाद हो गई हैं।
गुजरात में शुक्रवार को बारिश से जुड़ी घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि राज्य में बेमौसम बारिश जारी है। गांधीनगर में स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशंस सेंटर के एक अधिकारी ने कहा कि चार मार्च से अब तक राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश के तीन अलग-अलग चरणों में बिजली गिरने जैसी घटनाओं में कम से कम 12 लोगों की मौत हो चुकी है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि सिर्फ शुक्रवार को दाहोद, वडोदरा और डांग जिलों में बिजली गिरने या पेड़ गिरने की घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई। दाहोद जिले के बोरखेड़ा और तुनकीवाजू गांवों में दो लोगों की मौत हो गई और वडोदरा जिले के ललितपुरा गांव में बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि इसी तरह डांग जिले के गायगोथन गांव में बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। उन्होंने बताया कि अभोद गांव में बारिश के बीच पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। इससे पहले दिन के समय दाहोद जिले के विभिन्न गांवों में बिजली गिरने से टुनकिवाजू गांव में दो व्यक्ति घायल हो गए और कई मवेशियों की मौत हो गई।
विज्ञापन
महाराष्ट्र में बेमौसम बारिश से पांच की मौत; फसलों को नुकसान
महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग 4,950 हेक्टेयर क्षेत्र में लगी फसलें बर्बाद हो गई हैं। स्थानीय प्रशासन ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। संभागीय आयुक्त कार्यालय द्वारा तैयार एक रिपोर्ट के अनुसार, मराठवाड़ा क्षेत्र के आठ जिलों में औसतन 2.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है। शुक्रवार को सबसे ज्यादा बारिश नांदेड़ (5.7 मिमी) में दर्ज की गई।
रिपोर्ट में कहा गया है कि गुरुवार (16 मार्च) और शुक्रवार (17 मार्च) को हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से संबंधित विभिन्न घटनाओं में परभणी जिले में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि यहां 23 अन्य लोग घायल हो गए। रिपोर्ट में कहा गया है कि 22 बड़े जानवर और पांच छोटे जानवर भी मारे गए।