वहीं, पंजाब में अमृतसर में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री जबकि लुधियाना में 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटियाला में न्यूनतम तापमान 5.8, आदमपुर में 6.6 डिग्री, हलवाड़ा में छह डिग्री और बठिंडा में पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार करनाल, हिसार, अमृतसर, लुधियाना और पटियाला जैसे कुछ स्थानों पर सुबह कोहरे से दृश्यता कम हो गई।
उन्होंने कहा कि अगले दो दिनों के दौरान दोनों राज्यों के अधिकांश हिस्सों में ठंड ज्यादा पड़ेगी। कश्मीर में न्यूनतम तापमान शून्य से और नीचे चला गया तथा आसमान साफ रहा। मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों ने कहा कि बीती रात, श्रीनगर में इस मौसम में अब तक की सबसे सर्द रात रही। अधिकारियों ने कहा कि घाटी में रात के तापमान में गिरावट जारी रही और आसमान साफ रहा।
श्रीनगर में शून्य से 6.4 डिग्री नीचे, जमे जलाशय
इसके साथ ही न्यूनतम तापमान सामान्य से कई डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि श्रीनगर में तापमान शून्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा जो कि पिछली रात 4.8 डिग्री सेल्सियस था। इस मौसम में न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग पांच डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। अधिकारियों ने कहा कि शहर में पिछली रात इस मौसम की सबसे ठंडी रात थी जिसके कारण कई जलाशय जम गए।
गुलमर्ग में तापमान शून्य से 11 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया जो कि सामान्य से छह डिग्री कम था। संघशासित प्रदेश में गुलमर्ग सबसे ठंडा स्थान रहा अधिकारियों ने कहा कि पहलगाम में तापमान शून्य से 8.9 डिग्री सेल्सियस कम रहा। काजीगुंड में तापमान शून्य से 4.9 डिग्री नीचे, कुपवाड़ा में शून्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस कम और कोकेरनाग में शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।
मौसम विभाग की ओर से कहा गया कि जम्मू कश्मीर में इस महीने के अंत तक बहुत अधिक बर्फबारी की उम्मीद नहीं है और 21-22 दिसंबर को कश्मीर के कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी हो सकती है।
यूपी के कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा
उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई जबकि शेष स्थानों पर मौसम आमतौर पर शुष्क रहा।
मौसम विभाग ने गुरुवार को एक बयान में बताया कि उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक 24.6 डिग्री सेल्सियस तापमान गोरखपुर में जबकि सबसे कम तापमान बरेली में 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग ने मौसम शुष्क रहने और कुछ स्थानों पर कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है।
माउंट आबू में पारा शून्य से एक डिग्री नीचे
राजस्थान के पयर्टन स्थल माउंट आबू में पारा बुधवार रात एक बार फिर जमाव बिंदु से नीचे चला गया। माउंट आबू में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं, गुरुवार सुबह राज्य के अनेक इलाकों में घना कोहरा छाया रहा और लोग सर्दी से बचने के लिए अलाव तापते नजर आए।
मौसम विभाग के अनुसार सीकर में बुधवार रात न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री, चुरू में 2.2 डिग्री, पिलानी में 2.5 डिग्री, गंगानगर में 2.8 डिग्री, बीकानेर में 3.1 डिग्री, फलौदी एवं वनस्थली में 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राज्य के ज्यादातर हिस्सों में रात का तापमान नौ डिग्री सेल्सियस से कम बना हुआ है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर की चेतावनी दी है। विभाग के अनुसार, राज्य के गंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चुरू, नागौर, सीकर, झुंझुनूं, अलवर एवं भरतपुर जिले में आगामी चौबीस घंटे में कहीं-कहीं शीतलहर चलने का पूर्वानुमान है।