राजधानी दिल्ली में उमस के बीच 20 अगस्त शाम से एक बार फिर से मौसम (Weather Updates) करवट लेगा। बारिश की गतिविधियां शुरू होंगी। 21 व 22 अगस्त के दौरान बारिश बढ़ सकती है। इस कारण से अधिकतम तापमान में भी एक डिग्री तक की गिरावट देखने को मिलेगी।
उत्तराखंड के चार जिलों में अगले चौबीस घंटे के भीतर कहीं-कहीं भारी बारिश के आसार हैं। ऐसे में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक एवं वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक विक्रम सिंह ने बताया कि अगले चौबीस घंटे में देहरादून, नैनीताल, चंपावत, ऊधमसिंह नगर में भारी बारिश की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश में तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में 19 से 21 अगस्त तक भारी बारिश का येलो अलर्ट है। पूरे प्रदेश में 24 अगस्त तक मौसम खराब बना रहने की संभावना है। विभाग के अनुसार भारी बारिश की स्थिति में पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन हो सकता है। ऐसे में लोगों को स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने को कहा गया है। विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन, सिरमौर, ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर जिले में भारी बारिश की संभावना है।
मध्य प्रदेश में बारिश लगभग थम सी गई है। तापमान में भी अच्छा-खासा उछाल हुआ है। संभावना जताई जा रही है कि अगले 48 घंटे बाद फिर मौसम में बदलाव आ सकता है। वर्षा की गतिविधि बढ़ने की संभावना बन रही है। अगले 24 घंटों के लिए मौसम विभाग का पूर्वानुमान कहता है कि शहडोल, रीवा, जबलपुर संभागों के जिलों में कुछ स्थानों पर, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम, भोपाल, चंबल, ग्वालियर एवं सागर संभागों के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। विभाग ने यलो अलर्ट भी जारी किया है।
आईएमडी के मुताबिक, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड में अगले 24 से 48 घंटों में गरज के साथ बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि छत्तीसगढ़, सिक्किम, में भी 19 से 21 अगस्त तक बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके अलावा राजस्थान, गुजरात में भी 22 अगस्त तक गरज के साथ बारिश की संभावना है। यहां कुछ क्षेत्रों में बिजली भी गिर सकती है।