उत्तर प्रदेश के पूर्वी जिलों में घने कोहरे का अलर्ट, विजिबिलिटी में बड़ी गिरावट की आशंका है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में दस से तेरह दिसंबर तक घने कोहरे की स्थिति बनने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या, बस्ती, सिद्धार्थनगर और आसपास के मैदानी इलाकों में सुबह के समय दृश्यता बेहद कम हो सकती है। तापमान में मामूली गिरावट और नमी बढ़ने से कोहरा देर तक छाए रहने की संभावना है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। विभाग ने लोगों को सुबह के समय यात्रा के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है।
यह भी पढ़ें -
Supreme Court: 'यौन उत्पीड़न पर कानून की संकीर्ण व्याख्या से कमजोर होगा मकसद', सुप्रीम कोर्ट की अहम टिप्पणी
उत्तराखंड- घना कोहरा, नमी नब्बे प्रतिशत के पार
देहरादून, हरिद्वार, रुद्रपुर, काशीपुर, कोटद्वार और ऋषिकेश में सुबह घना कोहरा छाया रहा और तापमान चार से छह डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ। नमी नब्बे प्रतिशत तक पहुंचने से दृश्यता प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। ऊपरी इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना से ठंड का असर और अधिक बढ़ सकता है।
हिमाचल प्रदेश- कड़ाके की सर्दी, 14 दिसंबर से मौसम बदलने के संकेत
प्रदेश के तेईस शहरों में न्यूनतम तापमान दस डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। मनाली, ऊना और धर्मशाला जैसे शहरों में भी पारा शिमला से कम रिकॉर्ड हुआ। लाहौल-स्पीति में तापमान फिर से शून्य से नीचे चला गया है। दस दिसंबर को ऊपरी क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी देखी गई, जबकि चौदह दिसंबर से मौसम में बड़े बदलाव की संभावना जताई गई।
यह भी पढ़ें -
नाइटक्लब हादसा: अजय गुप्ता की 36 घंटे की ट्रांजिट रिमांड, लाया गया गोवा; लूथरा भाइयों को अंतरिम राहत नहीं
कश्मीर- रिकॉर्ड ठंड, तालाबों पर जमने लगी बर्फ
कश्मीर घाटी में ठंड चरम पर है। श्रीनगर में तापमान माइनस तीन दशमलव सात डिग्री सेल्सियस, काजीगुंड और कुपवाड़ा में माइनस तीन दशमलव छह डिग्री, पहलगाम में माइनस चार दशमलव आठ डिग्री और पुलवामा में माइनस पांच दशमलव एक डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। कई जगह तालाबों पर बर्फ जमनी शुरू हो गई है। अगले कुछ दिनों तक जम्मू–कश्मीर, लद्दाख और गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद के कुछ हिस्सों में बारिश और हिमपात की गतिविधियां जारी रहने की चेतावनी जारी है।
उत्तर-पश्चिम भारत में लगातार गिर रहा पारा
उत्तर-पश्चिम भारत में पारा लगातार गिर रहा है। मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में दस से बारह दिसंबर तक शीतलहर चलने का अलर्ट जारी किया है। आदमपुर में न्यूनतम तापमान दो दशमलव आठ डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो मैदानी इलाकों में सबसे कम रहा। सुबह-सुबह घना कोहरा और दिन भर सर्द हवाओं का असर यातायात और दैनिक गतिविधियों पर दिखने लगा है।