उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के बड़े हिस्सों में गुरुवार को अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। लेकिन हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में पारा 47 डिग्री से ऊपर चला गया। जिसके इन क्षेत्रों में गर्मी से कोई राहत नहीं मिली।
मौसम विभाग ने कहा कि उत्तर-पश्चिम और इससे सटे मध्य भारत के कुछ हिस्सों में लू की तीव्रता में थोड़ी कमी आई है। राजस्थान के गंगानगर में अधिकतम तापमान 48.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि मध्य प्रदेश के सीधी में 48.2 डिग्री सेल्सियस, उत्तर प्रदेश के वाराणसी में 47.8 डिग्री सेल्सियस, हरियाणा के रोहतक और नारनौल में 47.5-47.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गुरुवार देर शाम ओलावृष्टि और गरज के साथ छींटे पड़ने से गर्मी से राहत मिली। अरब सागर से नमी वाली दक्षिण-पश्चिम हवाओं के कारण दक्षिणी राजस्थान और दक्षिणी मध्य प्रदेश में तापमान में गिरावट आई है। तापमान में यह गिरावट अगले दो-तीन दिनों में उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में जारी रहने की संभावना है। दिल्ली में आयानगर 47 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म क्षेत्र रहा। इसके बाद रिज क्षेत्र में 46.7 डिग्री, पालम में 46.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा है। जबकि दिल्ली के आधार स्टेशन सफदरजंग में तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजस्थान के पिलानी में 47.6 डिग्री सेल्सियस, हनुमानगढ़ के सांगरिया में 47.2 डिग्री सेल्सियस, चुरू में 47 डिग्री और फलोदी में 46.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। बीकानेर में पारा 46.8 डिग्री, जैसलमेर में 46.1 डिग्री, अलवर में 46 डिग्री, धौलपुर में 45.9 डिग्री, जयपुर में 45.3 डिग्री और कोटा में 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
झारखंड: लू से संबंधित लक्षणों के कारण चार की मौत
झारखंड के पलामू जिले में लू से संबंधित लक्षणों के कारण एक महिला सहित चार लोगों की मौत हो गई। पलामू में गुरुवार को राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पलामू जिले के विभिन्न हिस्सों में चार मौतें हुई हैं। इनमें से अस्पताल में इलाज के दौरान तीन लोगों की मौत हुईं। जबकि एक ने अस्पताल के बाहर दम तोड़ दिया। पलामू के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मरीज लू के कारण होने वाली मुश्किलों से पीड़ित थे। उन्होंने कहा कि लू से संबंधित बीमारियों वाले करीब दस लोगों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा, लू की स्थिति से निपटने के िलए एक रैपिड एक्शन टीम का गठन किया गया है। बुधवार को गढ़वा जिले में लू से संबंधित बीमारियों के कारण दों की मौत हो गई।
ओडिशा: राउरकेला में लू के चलते 10 लोगों की गई जान
ओडिशा के राउरकेला शहर में गुरुवार लू से दस लोगों की मौत हुई। जबकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान में वृद्धि हुई। राउसर केला जिला अस्पताल के प्रंबंध निदेशक डॉ. सुधारनी प्रधान ने कहा कि दोपहर दो बजे से छह घंटे के भीतर हुई। अस्पताल पहुंचने तक आठ लोगों की मौत हो चुकी थी। जबकि बाकी ने इलाज के दौरान दम तोड़ा।