उड़ी आतंकी हमला मामले में सुरक्षा में हुई चूक को स्वीकार करते हुए रक्षा मंत्री मनोहर परिकर ने पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी दी है। परिकर ने कहा कि इस हमले के गुनाहगारों के खिलाफ कार्रवाई संबंधी प्रधानमंत्री के आश्वासन को महज बयान न समझा जाए।
पाकिस्तान को हर हाल में सबक सिखाने की घोषणा करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि जवाब कैसे और कब देना है यह प्रधानमंत्री तय करेंगे। इस दौरान रक्षा मंत्री ने हमले में सेना के स्तर पर हुई सुरक्षा की चूक को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से कहीं तो गलती हुई है।
उड़ी आतंकी हमला मामले में रक्षा मंत्री ने पहली बार पाकिस्तान के खिलाफ सीधा और तीखा हमला बोला है। इस मामले में पाकिस्तान की छटपटाहट और बयानबाजी को उन्होंने खाली बर्तन का शोर करार दिया। परिकर ने कहा कि वह ज्यादा बात करने में नहीं बल्कि चीजों को सीधे लागू करने में यकीन रखते हैं।