Pahalgam Terror Attack: पहलगाम आतंकी के हमले के पीड़ितों को प्रधानमंत्री मोदी से न्याय और आतंकियों को सख्त से सख्त सजा देने की उम्मीद है। आतंकी हमले की पीड़ित गुजरात के शैलेश कलाथिया की पत्नी शीतल कलाथिया ने बर्बर हमले के बाद कही है।
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की पीड़िता और आतंकियों की कायराना हरकत में अपने पति को खोने वाली गुजरात की शीतल कलाथिया को पीएम मोदी पर पूरा भरोसा है कि वह उन्हें न्याय दिलाएंगे। बता दें कि, 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी। ये हमला उस वक्त हुआ था, जब पहलगाम के बायसरन में मौजूद घास के मैदान में पर्यटकों पर आतंकियों ने अचानक हमला कर दिया।
उम्मीद है कि आतंकियों को सख्त से सख्त सजा मिलेगी- शीतल
आतंकी हमले के बाद दो दिन बाद शीतल ने कहा, 'जो कुछ भी हुआ है वह बहुत दर्दनाक है। इस हमले में जिन लोगों की जान गई है, वे बहुत दर्दनाक स्थिति में हैं। इस हमले के कारण पूरा परिवार मुश्किल में है। हमें पीएम मोदी पर पूरा भरोसा है कि वह हमें न्याय दिलाएंगे और आरोपियों को सख्त से सख्त सजा मिलेगी। हमारी गुजरात सरकार, सीआर पाटिल, हर्ष संघवी ने हमारी बहुत मदद की। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया है कि अगर हमें भविष्य में किसी भी मदद की जरूरत पड़ी तो वे हमारा साथ देंगे।'
विज्ञापन
इससे एक दिन पहले शीतलबेन ने सुरक्षा एजेंसियों पर सवाल उठाते हुए कहा था, पहलगाम में कोई सेना, कोई पुलिस नहीं थी। मैं मदद के लिए चिल्लाती रही। इतना बड़ा पर्यटन स्थल होने के बावजूद कोई मेडिकल कैंप नहीं था।
पहलगाम में आतंकी हमला और सरकार का एक्शन
मंगलवार 22 अप्रैल को पहलगाम के बैसरन मैदान में आतंकियों पर्यटकों पर हमला किया, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। ये आतंकी हमला 2019 के पुलवामा हमले के बाद घाटी में सबसे घातक हमलों में से एक है। इस हमले के बाद, भारत ने सीमा पार आतंकवाद के समर्थन के लिए पाकिस्तान के खिलाफ कड़े जवाबी कदम उठाए हैं। प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में हुई सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति की बैठक में भारत ने 1960 की सिंधु जल संधि को तब तक स्थगित रखने का फैसला किया जब तक कि पाकिस्तान विश्वसनीय और अपरिवर्तनीय रूप से सीमा पार आतंकवाद के लिए अपने समर्थन को त्याग नहीं देता और एकीकृत अटारी चेक पोस्ट को बंद कर दिया है।