चुनावी राज्य गुजरात में नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री केवल लोगों को अपनी बात सुनाने में विश्वास करते हैं जबकि हम लोगों की समस्याएं सुनते हैं। हम जनता के मन की बात सुनने में यकीन रखते हैं।
इस साल के अंत तक गुजरात में चुनाव होने हैं और उससे पहले कांग्रेस उपाध्यक्ष ने अपने चुनावी अभियान की शुरुआत कर दी। उन्होंने कहा कि अगर उनकी पार्टी गुजरात में सत्ता में आती है तो वह समाज के हर तबके तक अपनी पहुंच बनाएगी। नर्मदा जिले में आदिवासियों की भीड़ भरी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस पूरी ताकत के साथ यह चुनाव लड़ेगी और भाजपा को उसी के गृहराज्य में हराएगी।
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि गुजरात में चुनाव होने वाले हैं और मैं आपसे वादा करता हूं कि यदि कांग्रेस जीती तो हमारी सरकार हर किसी की होगी ना कि किसी एक व्यक्ति की। हमारी सरकार सिर्फ अपने मन की बात करने की जगह आपके मन की बात को समझने की भी कोशिश करेगी। उन्होंने हर महीने रेडियो पर आने वाले मोदी के कार्यक्रम ‘मन की बात’ पर चुटकी लेते हुए यह बात कही।