कोर्ट के आदेश के बावजूद लोगों ने भूमाता ब्रिगेड को मंदिर में घूसने से रोका
- फोटो : PTI
महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में स्थित शनि शिंगणापुर मंदिर में भगवान शनि की मूर्ति पर तेल चढ़ाने पहुंची भूमाता ब्रिगेड की महिला सदस्यों को स्थानीय लोगों और मंदिर प्रशासन ने प्रवेश करने से रोक दिया। स्थानीय लोगों के विरोध को देखते हुए ब्रिगेड की प्रमुख तृप्ति देसाई ने पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए उचित सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की।
तृप्ति देसाई जब महिला सदस्यों के साथ जब शिंगणापुर मंदिर पहुंची तो उन्हें स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। यहां तक की लोगों ने तृप्ति के खिलाफ नारे भी लगाए। लोगों के इस रवैये को देखते हुए तृप्ति ने पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कोर्ट ने पुलिस को यह निर्देश दिए हैं कि वे उनकी (तृप्ति और उनके सहयोगियों) की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें जिससे की वह शनि मंदिर में पूजा कर सकें लेकिन पुलिस ऐसा नहीं कर रही।
तृप्ति ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस के खिलाफ एफआईआर कराने की भी धमकी दी। तृप्ति ने कहा, 'अगर हमें मंदिर में प्रवेश से रोका गया तो हम मुख्यमंत्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज करेंगे।' गौरतलब है कि महाराष्ट्र हाईकोर्ट ने भूमाता ब्रिगेड के पक्ष में फैसला सुनाते हुए शनि शिंगणापुर में महिलाओं के प्रवेश और मूर्ति पर तेल चढ़ाने की अनुमति देने के आदेश दिए थे। साथ ही पुलिस को भी निर्देश दिए थे कि वे उनके प्रवेश को सुनिश्चित करें। फिलहाल स्थानीय लोगों के विरोध के बाद उन्हें मंदिर से खाली हाथ ही वापस लौटना पड़ा है।