पार्थ चटर्जी और अर्पिता मुखर्जी
- फोटो : Amar Ujala
शिक्षक घोटाला मामले में गिरफ्तार बंगाल के पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी और उनकी करीबी अर्पिता मुखर्जी ईडी हिरासत में हैं। दोनों को लेकर रोजाना नए-नए खुलासे हो रहे हैं। ईडी के सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में पार्थ चटर्जी ने बयान में कहा है कि अर्पिता के साथ उनके कोई करीबी रिश्ते नहीं रहे हैं।
ईडी सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार को मंत्री पार्थ और उनकी करीबी अर्पिता मुखर्जी को आमने-सामने बिठाकर सवाल-जवाब किए गए। एक अधिकारी ने अर्पिता की ओर इशारा करते हुए पार्थ से पूछा कि क्या आप इन्हें जानते हैं? जवाब में पार्थ ने कहा कि नहीं, ज्यादा नहीं जानता। उनके पास कई लोगों का आना-जाना लगता है। इन सभी को जिस तरह से जानते हैं अर्पिता संग उनकी पहचान भी कुछ वैसी ही है।
इसके बाद उनसे पूछा गया कि क्या अर्पिता और उनके बीच कभी कोई नजदीकी रिश्ता रहा है? मंत्री का जवाब दिया कि नहीं। नाकतला उदयन संघ के पूजा पंडाल में उन्हें देखा था और वहीं मुलाकात हुई थी।
इतना ही नहीं, जब उनसे यह सवाल किया गया कि क्या उन्हें इसकी जानकारी है कि अर्पिता के घर से बड़ी मात्रा में पैसों की बरामदगी हुई है? पार्थ ने कहा कि हां, सुना है। उनसे यह भी पूछा गया कि क्या ये पैसे उनके हैं? उन्होंने इसे नकारते हुए कहा कि बिल्कुल भी नहीं और ये किनके पैसे हैं उसकी भी उन्हें कोई खबर नहीं है। हैरानी की बात यह है कि पिछले दिनों ही अर्पिता मुखर्जी के नाम 31 जीवन बीमा पॉलिसियों का पता चला है और इन सभी में नॉमिनी पार्थ चटर्जी है।