सूखा प्रभावित इलाकों में मंत्रियों और नेताओं का दौरा लगातार विवादों का सबब बन रहा है। ताजा विवाद खड़ा किया है कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्घरमैया के दौरे ने। सिद्घारमैया उत्तरी कर्नाटक के सूखाग्रस्त इलाकों के दौरे पर है, हालांकि विपक्ष उन दौरों को 'फोटो खिंचाने का मौका' भर बता रहा है। सोमवार को उनके दौरे की तैयारियों के लिए अधिकारियों ने दो टैंक पानी सड़क पर छिड़कवा दिया।
सिद्घारमैया को बगलकोट जिले के बिलागी तालुक के बडागंडी गांव का दौरा करना था। उसी इलाके में सड़क चौड़ी करने का काम चल रहा था, जिससे वहां काफी धूल थी। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के दौरे से पहले सड़क पर पानी का छिड़काव कराया ताकि धूल न उड़े। इलाके में पानी की बेहद कमी है। मुख्यमंत्री के दौरे के लिए दो टैंक पानी की बर्बादी से गांव वाले भड़क उठे।
उन्होंने सवाल उठाया कि इलाके में पानी की इतनी कमी है और सरकार पानी की बर्बादी कर रही है। मामला मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाया गया तो उन्होंने कहा कि वे जिले के डीसी को जांच के आदेश देंगे।