डेबिट कार्ड सुरक्षित रखने के लिए ये सावधानी बरतें
- फोटो : SOCIAL MEDIA
देश में साइबर हमलों पर नजर रखने वाली भारत सरकार की सर्वोच्च निगरानी एजेंसी कम्प्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम इंडिया (सीईआरटी-इन) ने बैंकों के डेबिट कार्ड्स से जुड़ी जानकारी में लगी सेंध के मामले में नई जानकारी दी है। इसके अनुसार, साइबर हमलों को लेकर बार-बार अलर्ट दिए जाने के बावजूद बैंकों ने इस खतरे को कोई तवज्जों नहीं दी। एजेंसी ने इस साल जुलाई और अगस्त में भी इस तरह की चेतावनियां दी थी। बताते चलें कि एजेंसी बैंकों और अन्य वित्तीय संस्थानों को समय-समय पर साइबर खतरों के बारे में निर्देश जारी करती है।
अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक, एक वरिष्ठ सरकारी अफसर ने इस बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि सबसे ताजा अलर्ट इस साल सात अक्टूबर को दी गई। इसमें स्पष्ट तौर पर कहा गया कि पाकिस्तान की तरफ से बैंकों के नेटवर्क पर 'साइबर हमला' हो सकता है।
अफसर के मुताबिक, यह अलर्ट जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकी हमले के बाद जारी किया गया था। इससे पहले भी सितंबर में भी बैंकों को साइबर सुरक्षा में सेंध से जुड़ी शिकायतें मिलने लगी थी। बॉर्डर पर भारतीय सेना के जवाबी हमले के बाद पाकिस्तानी हैकर्स द्वारा कई वेबसाइट्स को निशाना बनाया गया था।