रंगदारी के मामले में आत्मसमर्पण कर चुके पूर्व एमएलसी व बसपा नेता विनीत के खिलाफ वारंट बी जारी किया गया है। सीजेएम अभय श्रीवास्तव की कोर्ट ने रोहनिया थाने में दर्ज 5 करोड़ रंगदारी के मामले में विनीत के खिलाफ वारंट बी जारी किया है। कोर्ट ने विनीत को 8 जुलाई को तलब किया है। अब पुलिस आरोपी मीरजापुर के पूर्व एमएलसी व बसपा नेता श्याम नारायण सिंह उर्फ अजय सिंह उर्फ विनीत सिंह को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। पुलिस की एक टीम रांची भेजी गई है।
आपको बता दें कि विनीत ने स्थानीय पुलिस को चकमा देकर अपहरण के पुराने मामले में शनिवार को राची (झारखंड) सिविल कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था। आरोपी विनीत की पत्नी प्रमिला सिंह वर्तमान में जिला पंचायत मीरजापुर की अध्यक्ष हैं। विनीत के सरेंडर करने के बाद उसे बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार होटवार भेज दिया गया था। हाल ही में रोहनिया में उसके खिलाफ पांच करोड़ रुपये रंगदारी मांगने सहित अन्य आरोपों में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। यह मामला अबलेशपुर निवासी कालोनाइजर व भाजपा नेता शशिकांत राजभर ने दर्ज कराया था। आपको बता दें कि पुलिस ने विनीत के गोला स्थित घर पर कुर्की की नोटिस भी चस्पा की थी। विनीत को चंदौली की सैयदराजा विधानसभा सीट से बसपा ने प्रत्याशी घोषित किया है।