प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर नोटबंदी को सही ठहराया है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी कोई झटका नहीं था, हमने एक साल पहले ही जनता को बता दिया था कि अगर आपके पास काला धन है तो जमा कर दीजिए, कुछ जुर्माना भर दीजिए। लेकिन उन्हें लगा कि मोदी भी बाकियों की तरह ऐसे ही बोल रहे हैं।
बता दें कि 8 नवंबर के दिन नोटबंदी को लागू हुए पूरे दो साल हो गए हैं। साल 2016 में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी की घोषणा की थी। जिसके बाद पुराने 500 और 1000 रुपये के नोट बंद हो गए थे। इनके स्थान पर 500 और 2 हजार रुपये के नए नोट जारी किए गए थे। लोगों को बैंकों के बाहर लाइन लगाकर नोटों को बदलवाने को कहा गया। भारी संख्या में लोग लाइनों में लगे और नोट बदलवाए।
देशभर में अफरातफरी का माहौल रहा। इस फैसले पर एक तरफ जहां सरकार का कहना है कि इससे काले धन पर रोक लगी और काला धन रखने वालों पर शिकंजा कसा गया। वहीं दूसरी तरफ विपक्षी पार्टियां हमेशा कहती रही हैं कि इससे देश की अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान हुआ है।