मणिपुर में असम राइफल्स के कमांडेंट के काफिले पर घात लगाकर किए गए हमले के सिलसिले में मणिपुर नगा पीपुल्स फ्रंट के एक वांछित उग्रवादी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उस पर चार लाख रुपये का इनाम था। एनआईए के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए), असम राइफल्स और पुलिस की एक संयुक्त टीम ने शनिवार को इंफाल पूर्वी जिले के यिंगंगपोकपी से एक विशेष अभियान में उखरूल जिले के न्यू तोप गांव के माचुकरिंग जमशिम शिमरे उर्फ निंगखम को गिरफ्तार किया।
संघीय एजेंसी के प्रवक्ता ने कहा कि एनआईए ने शिमरे पर चार लाख रुपये का नकद इनाम घोषित किया था, जो एमएनपीएफ का सक्रिय कैडर था और हमले में शामिल था। असम राइफल्स की 46वीं बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल विप्लव त्रिपाठी, उनकी पत्नी, नाबालिग बेटे और बल के चार जवान पिछले साल 13 नवंबर को मणिपुर के चुराचांदपुर जिले के सियालसिह गांव के पास सशस्त्र आतंकवादियों द्वारा उनके काफिले पर घात लगाकर किए गए हमले में मारे गए थे। हमले में असम राइफल्स के छह जवान घायल हो गए थे।
घात लगाकर हमला करने के बाद चुराचांदपुर के सिंगनघाट पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता, शस्त्र अधिनियम, गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। प्रवक्ता ने कहा कि एनआईए ने पिछले साल 27 नवंबर को मामला फिर से दर्ज किया और जांच शुरू की।