Voyager 1 Reaches One Light Day From Earth
- फोटो : Amar Ujala AI Generated
इस मिशन से जुड़े सबसे दिलचस्प पहलुओं में से एक था मशहूर खगोलशास्त्री कार्ल सेगन का योगदान। उनकी पहल पर वॉयजर यान के साथ एक गोल्डन रिकॉर्ड भी भेजा गया, जिसमें पृथ्वी की आवाजें, संगीत और तस्वीरें दर्ज थीं। यह रिकॉर्ड किसी दूसरी दुनिया में मौजूद हो सकते जीवन के लिए इंसानियत का एक संदेश था। दोनों अंतरिक्ष यानों में ग्रहों और उनके चंद्रमाओं की तस्वीरें लेने के लिए कैमरे लगाए गए थे। इसके अलावा इनमें ऐसे वैज्ञानिक उपकरण को भी इंस्टॉल किया गया था, जो चुंबकीय क्षेत्र, वातावरण और अन्य परिस्थितियों से जुड़ा डाटा रिकॉर्ड करते थे।
वॉयजर 1 ने 2012 में इंटरस्टेलर स्पेस में प्रवेश किया। इसने बृहस्पति के वातावरण में पहले से अनुमान से ज्यादा हलचल देखी और उसके एक पतले रिंग सिस्टम की जानकारी भी दी। शनि के पास से गुजरते हुए इसने पांच नए चंद्रमाओं की पहचान की और उसके रिंग सिस्टम के बारे में बताया। यह सूर्य के सापेक्ष करीब 17 किलोमीटर प्रति सेकंड की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। वॉयजर 2 बृहस्पति और शनि के अलावा यूरेनस और नेपच्यून तक पहुंचने वाला पहला अंतरिक्ष यान बना। इसने यूरेनस के 10 नए चंद्रमाओं और दो नए रिंग्स की खोज में योगदान दिया। 2018 में इसने भी इंटरस्टेलर स्पेस में प्रवेश किया।
दोनों अंतरिक्ष यानों में बिजली बनाने के लिए रेडियोआइसोटोप थर्मोइलेक्ट्रिक जनरेटर लगाए गए हैं। ये जनरेटर प्लूटोनियम-238 के रेडियोएक्टिव डिके से निकलने वाली गर्मी को बिजली में बदलते हैं। हालांकि, समय के साथ इनकी बिजली उत्पादन क्षमता हर साल करीब 4 वॉट कम हो रही है। नासा के मुताबिक वॉयजर 1 2030 के दशक की शुरुआत तक डाटा भेजते रहेंगे। इसके बाद भी यह अंतरिक्ष यान लगभग 2036 तक पृथ्वी पर कमजोर रेडियो सिग्नल भेजने में सक्षम रह सकता है। आपको बता दें कि वॉयजर 1 की जब परमाणु बैटरी पूरी तरह खत्म हो जाएगी और यह पृथ्वी पर सिग्नल भेजना बंद कर देगा उसके बाद भी इसका सफर रुकेगा नहीं। यह अंतरिक्ष के अनंत अंधेरे में बिना रुके आगे बढ़ता रहेगा।
वॉयजर 1 की यह यात्रा सिर्फ अंतरिक्ष में दूरी तय करने की कहानी नहीं है बल्कि इंसान की खोज करने की क्षमता और वैज्ञानिक सोच का प्रतीक भी है। करीब पांच दशक पहले पृथ्वी से रवाना हुआ यह छोटा-सा अंतरिक्ष यान आज भी हमें ब्रह्मांड के बारे में समझने का मौका दे रहा है। आने वाले समय में भले ही इसकी बैटरी खत्म हो जाए और पृथ्वी से इसका संपर्क टूट जाए लेकिन इसका सफर जारी रहेगा। शायद हजारों साल बाद भी वॉयजर 1 अंतरिक्ष में कहीं आगे बढ़ रहा होगा। अपने साथ पृथ्वी की आवाजें, तस्वीरें और इंसानियत का संदेश लिए हुए।