असम में पंचायत चुनाव हो रहे हैं। 10 जिलों में पंचायत चुनावों के दूसरे व आखिरी चरण का मतदान शुरू हो चुका है। इस दौर की लगभग 10 हजार सीटों के लिए 35 हजार उम्मीदवार मैदान में हैं। इसके लिए 9,428 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। असम में भाजपा सत्ता में है इसीलिए पार्टी की प्रदेश में परीक्षा मानी जा रही है। पिछले काफी समय से यहां एनआरसी का मुद्दा गर्म है।
सत्ताधारी बीजेपी, असम गण परिषद, कांग्रेस, ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ), ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (एआईटीएमसी) ने इस चुनाव में जीत के लिए कड़ी मेहनत की है। चुनाव में किसी भी तरह की अवांछित गतिविधि को रोकने के लिए भारी पुलिसबल तैनात किया गया है।
वोटों की गिनती 12 और 13 दिसंबर को होगी। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि पहले दूसरे चरण के मतदान में सत्ताधारी बीजेपी, कांग्रेस और एजीपी के बीच कांटे की टक्कर होगी। असम गण परिषद सरकार में भागीदार भी है लेकिन पंचायत चुनाव में दोनों आमने सामने हैं।