नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के फॉर्म में घोषणा पत्र शामिल किए जाने को लेकर जारी विवाद के बीच चुनाव आयोग के अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि देशभर में 18 से 28 वर्ष आयु वर्ग के 3.27 करोड़ नए मतदाता जोड़े गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, यह आंकड़ा 24 जून 2025 से अब तक का है। फिलहाल देश में 18 से 28 वर्ष आयु वर्ग के कुल 17.38 करोड़ मतदाता हैं।
बिहार में पिछले साल जून में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) शुरू होने के बाद नए मतदाताओं के लिए फॉर्म-6 के साथ एक घोषणा पत्र भरना जरूरी किया गया था। इसके बाद ऑनलाइन फॉर्म में बदलाव किया गया।
नए मतदाताओं से माता-पिता की जानकारी मांगी गई
चुनाव आयोग के निर्देश के तहत मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरने वाले नए मतदाताओं को अपने माता-पिता के एसआईआर से जुड़े विवरण भी देने होंगे। वहीं, मौजूदा मतदाताओं को भी एसआईआर के तहत मतदाता सूची में अपना नाम बनाए रखने के लिए माता-पिता से जुड़ी जानकारी देनी होगी। चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह घोषणा पत्र निर्देश के जरिए जोड़ा गया है। फॉर्म-6 में कोई बदलाव नहीं किया गया है। अधिकारी के अनुसार, बिहार में जून 2025 में शुरू हुए एसआईआर के दौरान नए मतदाताओं के लिए फॉर्म-6 के साथ यह घोषणा पत्र भरना शुरू किया गया था।
ऑनलाइन फॉर्म में घोषणा जरूरी
अधिकारी ने आगे कहा, इससे वोटरों की मैपिंग में मदद मिलती है और नए वोटरों को अपने आवेदन के साथ जमा करने वाले डॉक्यूमेंट्स की संख्या कम हो जाती है। अगर कोई व्यक्ति ऑनलाइन फॉर्म 6 भरता है, तो वह तब तक आगे नहीं बढ़ सकता जब तक कि डिक्लेरेशन न भर दिया जाए।