AIADMK की निष्कासित नेता शशिकला के पति नटराजन मरुथप्पा के निधन के बाद उन्हें पैरोल दी गई है। शशिकला के पति के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। जिसके चलते 76 साल की उम्र में उनका निधन हो गया। पति के निधन के बाद शशिकला के वकील ने कोर्ट से पैरोल की इजाजत मांगी थी ताकि वह पति के अंतिम अनुष्ठान में शरीक हो सकें। उनकी अपील के बाद कोर्ट ने 15 दिनों की पैरोल दी है। कहा जा रहा है कि शशिकला जेल से सीधे पति के अंतिम यात्रा में शामिल होंगी।
नटराजन को पांच दिन पहले ही छाती में संक्रमण की शिकायत के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के अधिकारियों के अस्पताल में भर्ती करवाने के बाद से ही उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। उनके संक्रमण की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें आईसीयू में दाखिल करवाया गया था जहां वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे।
इससे पहले पिछले साल अक्टूबर में भी
नटराजन को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उस वक्त उनके लीवर और किडनी का प्रत्यारोपण किया गया था। सफल ऑपरेशन के बाद पूरी तरह से ठीक हो जाने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।
आपको बता दें कि शशिकला आय से अधिक संपत्ति मामले में बंगलूरू के केंद्रीय कारागार में चार साल कैद की सजा काट रही हैं। पिछले साल आपातकालीन पैरोल मिलने के बाद उन्होंने अपने पति से मुलाकात की थी।