प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिखे गाने पर नेत्रहीन लड़कियों ने नृत्य किया है। ये गाना गुजराती में लिखा गया है। इस गाने में गुजरात में नवरात्री पर होने वाले गरबे के बारे में बताया गया है।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। समाचार एजेंसी एएनआई ने नेत्रहीन लड़कियों के नृत्य के वीडियो को ट्वीट किया था। जिसे पीएम ने भी रीट्वीट किया और कहा, 'इसे देखकर अभिभूत हूं। गरबा की भावनाएं उड़ेली हैं। गरबा की इस भावना में इन बेटियों ने प्राण फूंक दिए हैं। आशा करता हूं कि सभी लोग सुखमय नवरात्रि मना रहे हैं।'
बता दें पीएम मोदी ने साल 2012 में घूमे एनो गरबो गाना लिखा था। उस वक्त वह गुजरात के मुख्यमंत्री थे। प्रधानमंत्री बनने के बाद से अब तक वह कई किताबें भी लिख चुके हैं। साथ ही वह सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहते हैं।