विधानसभा चुनाव के एलान के ठीक एक दिन बाद मनी लॉड्रिंग के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के पुत्र, पत्नी और पुत्री के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है।
शुक्रवार को की गई इस कार्रवाई के तहत ईडी ने वीरभद्र के परिवार की 5.6 करोड़ की संपत्ति को कुर्क कर लिया है। इनमें वीरभद्र के पुत्र विक्रमादित्य के दिल्ली के डेरा मंडी स्थित 4.2 करोड़ का फार्म हाउस भी शामिल है। मनी लॉड्रिंग से संबंधित वर्ष 2015 में ईडी द्वारा दर्ज किए गए मुकदमे के बाद अब तक वीरभद्र परिवार के 40 करोड़ की संपत्ति कुर्क की गई है।
पढ़ें- हिमाचल में बजा चुनावी बिगुल 9 नवंबर को मतदान 18 दिसंबर को वोटों की गिनती
ईडी द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की कार्रवाई के तहत सिद्धार्थ के दिल्ली स्थित फार्म हाउस मेसर्स तारिणी इंटरनेशनल के नाम है। इसके अलावा वापी, गुजरात में मेसर्स तारिणी इंफ्रा दमन गंगा परियोजना की कुछ परिसंपत्तियों को भी अटैच किया गया है।
विक्रमादित्य और उनकी बहन अपराजिता सिंह के नाम 64 लाख रुपये के शेयर तथा अपराजिता सिंह और वीरभद्र की पत्नी प्रतिभा सिंह के नाम पर 80 लाख रुपये के बैंक एफडी सहित कुछ अन्य खातों को जब्त कर लिया गया है।