महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संकट के साथ भारी बारिश के चलते भी समस्याएं बनी हुई हैं। मुंबई और इसके पड़ोसी जिलों में तेज हवाओं के साथ हुई भारी बारिश की वजह से उपनगरीय ट्रेव और बस सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। सड़कों पर पानी भरा है और जनजीवन बेहाल है। ऐसे में कांता मूर्ति नाम की एक महिला का काम सोशल मीडिया पर लोगों की खूब वाहवाही लूट रहा है।
कांता मूर्ति का घर, सामान सब कुछ पानी में बह गया, लेकिन मुंबई के माटुंगका में एक सड़क पर खुले मैनहोल से लोगों को सावधान करने के लिए वह घंटों तक बारिश के बीच सड़क पर खड़ी रहीं और लोगों को सावधान करती रहीं। कांता ताई करीब आठ घंटे तक यह काम करती रहीं जब तक कि सड़क पर पानी का जमाव कम नहीं हो गया और मैनहोल दिखने नहीं लगा।
वहीं, लोगों के भले के लिए घंटों सड़क पर खड़ी रहीं कांता ताई को बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के अधिकारियों ने डांट लगा दी। इसे लेकर कांता मूर्ति ने कहा, 'सड़क पर पानी भर जाने की वजह से मैनहोल का खुला ढक्कन दिख नहीं रहा था और मैं गाड़ियों को चेतावनी देने के लिए वहां खड़ी थी। बाद में बीएमसी के अधिकारियों ने इसके लिए आकर डांटा था।'