फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मणिपुर में फिर हिंसा: गोलीबारी में महिला पुलिसकर्मी की मौत, मोरेह में घरों में लगाई आग, BSF ने की कार्रवाई

Wed, 26 Jul 2023 10:08 PM IST
शिव शरण शुक्ला अमर उजाला ब्यूरो, इंफाल

सार

मणिपुर के इंफाल पश्चिम के गांव फौबाकचाओ इथाई अवांग लीकाई में घर को निशाना बनाकर किए गए बम हमले में एक युवक के घायल होने की खबर है। घायल युवक की पहचान लोंगजाम नाओचा के रूप में हुआ है। घायल को इंफाल के एक अस्पताल में भर्ती किया गया है।
 
विज्ञापन
मणिपुर हिंसा - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिंसाग्रस्त मणिपुर के भारत-म्यांमार सीमावर्ती शहर मोरेह में बुधवार को ताजा हिंसा भड़क उठी। मोरेह में उपद्रवियों और सुरक्षाबलों में भीषण गोलीबारी की खबर है। इसमें एक महिला पुलिसकर्मी की मौत हो गई। इस बीच, कुकी और मैतेई समुदायों के बीच फिर से झड़पें हुई हैं। 30 घरों को आल लगाने की खबर है। इसमें कई लोग घायल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक सुरक्षाबलों और बीएसएफ के जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुई भीड़ को तितर-बितर किया। इस तुरंत कार्रवाई के कारण हिंसा को आगे बढ़ने से रोका गया।

विज्ञापन


सूत्रों से मिली खबर के मुताबिक, बुधवार को मणिपुर में ताजा हिंसा की सूचना मिली। मोरेह जिले में उपद्रवियों ने घरों को जला दिया और नागरिकों पर हमला किया। सूत्रों के मुताबिक असम पुलिस, मोरेह पुलिस, सीडीओ और बीएसएफ की एक संयुक्त टीम कुकी आतंकवादियों के साथ भीषण गोलीबारी हुई, जिसमें म्यांमार के केएनए और पीडीएफ शामिल हैं। इस भीषण गोलीबारी में एक महिला पुलिकर्मी की मौत होने की खबर है। अभी तक उनके नाम का खुलासा नहीं किया गया है। दूसरी ओर, मणिपुर के मोरेह में कुकी और मैतेई समुदायों के बीच ताजा झड़पें भी सामने आईं। दोनों समुदायों के बीच पथराव होने की खबर है। उपद्रवियों ने मोरेह में भी कई घरों और दुकानों में आग लगा दी।

इस बीच, कांगपोकपी जिले से भी हिंसा की खबरें आ रही हैं। यहां बुधवार की सुबह सुरक्षा बलों की दो खाली बसों को भी जलाने की भी खबरें हैं।

बम हमले में किशोर घायल
मणिपुर के इंफाल पश्चिम के गांव फौबाकचाओ इथाई अवांग लीकाई में घर को निशाना बनाकर किए गए बम हमले में एक युवक के घायल होने की खबर है। घायल युवक की पहचान लोंगजाम नाओचा के रूप में हुआ है। घायल को इंफाल के एक अस्पताल में भर्ती किया गया है।
विज्ञापन


जानकारी के मुताबिक घटना मंगलवार रात की है। घर पर हमला रात करीब 11 बजे हुआ जब परिवार सो रहा था। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने घर पर दो बम फेंके, जिनमें से एक छत से टकराया और अंदर ही फट गया। बम के हमले में 18 वर्षीय लोंगजाम नाओचा के सिर और बाएं पैर पर गंभीर चोटें आईं हैं। घायल लड़के को तत्काल चिकित्सा के लिए इंफाल के राज मेडिसिटी अस्पताल ले जाया गया। युवक के पिता लोंगजाम बोरबाबू ने बताया कि हमलावरों ने बम फेंकने से पहले गोलीबारी भी की। पुलिस ने बुधवार सुबह घटनास्थल पर पहुंच कर बिना फटे बम और टुकड़ों को एकत्र किया।

मणिपुर में सुरक्षाबलों ने 305 बंकर किए नष्ट 
हिंसाग्रस्त मणिपुर ने सुरक्षाबलों ने कुकी और मैतेई द्वारा बनाए गए 305 बंकरों को नष्ट कर दिया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। राज्य भर में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान संयुक्त सुरक्षा बलों और मणिपुर पुलिस कमांडो ने बंकरों को नष्ट किया। 516 लोगों के कानून का उल्लंघन करने के आरोप में हिरासत मे लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक पिछले 24 घंटों में मणिपुर में विभिन्न जगह सुरक्षाबलों ने 305 बंकर नष्ट कर दिए और कर्फ्यू का उल्लंघन करने वाले 516 लोगों को हिरासत में लिया गया है। इसके अलावा पुलिस ने एक एंबुलेंस जो चुराचांदपुर के लिए चिकित्सा आपूर्ति के लिए जा रही थी, जिसे इंफाल पश्चिम के कुछ बदमाशों ने रोक लिया था, उसे बरामद करके सुरक्षित रूप से चिकित्सा निदेशालय, लाम्फेल को सौंप दी गई है। मणिपुर पुलिस ने कहा कि इसी अवधि के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों में कर्फ्यू उल्लंघन के सिलसिले में 516 लोगों को हिरासत में लिया गया। मणिपुर पुलिस और केंद्रीय बलों ने पिछले 24 घंटों के दौरान बिष्णुपुर और चुराचांदपुर जिलों के तोरबुंग, कांगवई और बांग्ला क्षेत्रों के संवेदनशील और सीमांत इलाकों में तलाशी अभियान चलाया।

मणिपुर की अखंडता के लिए लड़ते रहेंगे : मुख्यमंत्री
मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने बुधवार को कहा कि वह अपने खून की आखिरी बूंद तक राज्य की अखंडता की रक्षा के लिए संघर्ष करेंगे। कारगिल दिवस पर सचिवालय में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आप्रवासी कुकियों से प्रभावित होकर अलग देश की मांग करने वाले कुछ नागरिक व सामाजिक संगठनों के बारे में चिंता व्यक्त की।

भारत के प्रयासों को अमेरिका का समर्थन
राष्ट्रपति जो बाइडन के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी वेदांत पटेल ने कहा है कि मणिपुर में दो महिलाओं पर हमले के वीडियो से अमेरिका ‘स्तब्ध एवं परेशान’ है। उन्होंने कहा, हमारा देश न्याय दिलाने के भारत सरकार के प्रयासों का समर्थन करता है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के उप प्रवक्ता वेदांत पटेल ने कहा, हम मणिपुर में दो महिलाओं पर नृशंस हमले के वीडियो से स्तब्ध हैं और यह वीडियो परेशान करने वाला है। हम लिंग आधारित हिंसा के इस कृत्य की शिकार महिलाओं के प्रति सहानुभूति जताते हैं और उन्हें न्याय दिलाने के भारत सरकार के प्रयासों का समर्थन करते हैं। हिंसा को लेकर पाकिस्तान के एक संवाददाता के सवाल के जवाब में उन्होंने यह बात कही। पटेल ने कहा, पीएम नरेंद्र मोदी ने स्वयं कहा है कि महिलाओं के खिलाफ इस प्रकार की हिंसा किसी भी सभ्य समाज के लिए शर्म की बात है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें