छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण की वोटिंग के बाद चुनाव अपने अहम मोड़ पर है। अगले चरण में 28 नवंबर को पूरे मध्यप्रदेश में एक फेज में मतदान होना है। बीजेपी की संभावनाओं को लेकर हमारे संवाददाता अमित शर्मा ने मध्यप्रदेश भाजपा के प्रभारी, उपाध्यक्ष और सांसद विनय सहस्रबुद्धे से बातचीत की। प्रस्तुत है वार्ता के प्रमुख अंश---
विनय जी, एक हफ्ते के भीतर मध्यप्रदेश में चुनाव है? भाजपा की संभावनाएं क्या हैं?
भाजपा की सरकार 2019 में केंद्र में भी बननी चाहिए। उस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए हमारे जो प्रयत्न होने चाहिए, मध्यप्रदेश का चुनाव उसी रणनीति का एक हिस्सा है। इसलिए इस चुनाव को भी हम बहुत गंभीरता से ले रहे हैं और बड़ी सफलता पाने के लिए पूरी तरह से आश्वस्त हैं।
तो क्या इन राज्यों के चुनाव परिणामों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कामकाज पर टिप्पणी के रूप में देखा जाए?
देखिए, यह बहुत पुरानी सोच है। अब जनता लोकतंत्र को बेहतर ढंग से समझती है। अब वह निकाय चुनाव में एक्स पार्टी को, विधानसभा चुनाव में वाई पार्टी को और लोकसभा चुनाव में जेड पार्टी को वोट देती है। इसलिए किसी चुनाव को इस दृष्टि से देखने से बचना चाहिए।
आपको क्या लगता है, इस बार मतदान किन मुद्दों पर होने जा रहा है?
हमारी कांग्रेस से अपेक्षा थी कि वह इस चुनाव में विकास, काम, परफार्मेंस और गवर्नेंस का मुद्दा उठाएगी। जनता को एक विजन दिखाकर चुनाव लड़ेगी। लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि वह यह चुनाव आरएसएस पर प्रतिबंध लगाने, गाय और राम वन गमन पथ जैसे मुद्दों पर लड़ रही है। हमारे पास दिखाने के लिए मध्यप्रदेश के हर घर तक बिजली पहुंचाने का काम, राज्य की कृषि में राष्ट्रीय औसत से बेहतर बढ़ोतरी दिखाने के लिए है। लेकिन चूंकि कांग्रेस के पास बताने के लिए कुछ नहीं है, इसलिए वह इस तरह के मुद्दे उठा रही है।
कांग्रेस का दावा है कि इस बार वह मध्यप्रदेश में जीत दर्ज करेगी? क्या कहेंगे?
देखिए, हमारी संस्कृति का हिस्सा है कि हम हर चुनाव को बहुत गंभीरता से लेते हैं। (अप्रत्यक्ष रूप से कांग्रेस पर हमला करते हुए) हमारे यहां ऐसा नहीं होता कि दो-तीन महीने विदेश में गुजारने के बाद एक महीने देश में आकर चुनाव-चुनाव का खेल खेला जाए। इसका फर्क हमेशा दिखाई पड़ता है, इस बार भी दिखाई पड़ेगा। हम कड़ी मेहनत कर जनता से संपर्क बनाते हैं, काम करते हैं और उसी के बल पर हमें अपनी जीत का पूरा भरोसा है।
पार्टी का चुनाव प्रचार कैसा चल रहा है?
मध्यप्रदेश में कुछ नेताओं का प्रवास हुआ है जिससे स्थिति अच्छी बन गई है। शीघ्र ही कुछ शीर्ष नेताओं के बड़े कार्यक्रम भी हैं जिससे अच्छा प्रभाव पड़ेगा। भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश सहित सभी राज्यों में बहुत अच्छी स्थिति में है। हम जोरदार वापसी करेंगे।