भरतपुर की रहने वाली लड़की ने कक्षा 12वीं में पढ़ने वाले एक लड़के की डंडे से उस समय पिटाई कर दी जब वह सुबह टहलने के लिए निकली थीं। आस-पास से गुजरने वाले लोगों ने इस घटना को अपने मोबाईल फोन में कैद कर लिया। यह विडियो सोशल मीडिया पर काफी शेयर किया जा रहा है। वीडियो में नजर आ रही लड़की की पहचान 19 साल की वाणी शर्मा के तौर पर हुई है। वह भरतपुर के रामेश्वरी देवी गर्ल्स कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद संयुक्त रक्षा सेवा (सीडीएस) की तैयारी कर रही है।
शर्मा का कहना है कि वह रोजाना सुबह 15 किलोमीटर दौड़ती है और वह
भारतीय सेना के शारीरिक परीक्षण की तैयारी कर रही है। उसने कहा कि कक्षा 12वीं में पढ़ने वाला हितुल सैनी पिछले काफी दिनों से उसका पीछा कर रहा था। 11 जुलाई को उसने मुझे प्रपोज किया और अपने दोस्तों को बताया कि मैं उसकी गर्लफ्रेंड हूं। मैंने एक डंडा उठाया और उसकी पिटाई कर दी ताकि उसे सबक सिखाया जा सके। यह मेरा सभी लड़कों को संदेश है कि लड़कियां कमजोर नहीं हैं।
वीडियो में शर्मा कहती हुई सुनाई देती हैं, 'मैं यहां मेहनत करने आती हूं और तू मेरा नाम खराब करेगा।' उन्होंने कहा, 'अगर तुम्हें लगता है कि तुम डोनाल्ड ट्रंप के बेटे हो तो यह तुम्हारी गलतफहमी है। कोई लड़की कमजोर नहीं होती है। अगर तुमने अपनी सीमा लांघने की कोशिश की तो हम आवाज उठाएंगी और तब तुम्हारा जीवन नहीं बच पाएगा। मैं पुलिस के पास नहीं जाना चाहती क्योंकि मैं उसे सुधरने का एक मौका देना चाहती हूं। आदमी लड़कियों का इसलिए शोषण करते हैं क्योंकि हम उन्हें सबक नहीं सिखातीं।'
साल 2003 में अपने पिता की मौत के बाद शर्मा अपने नाना-नानी के साथ रहती है। उसके पिता प्रदीप शर्मा बैंक अधिकारी थे। वहीं उसकी मां पारुल शर्मा अलवर जिले के भिवडी में प्रथम श्रेणी की सरकारी अध्यापिका हैं। उसका भाई अभिमन्यु शर्मा ने श्री जया कॉलेज से बैचलर ऑफ साइंस की पढ़ाई की है। शर्मा का कहना है महिलाएं इस तरह की परिस्थिति से निपटने में सक्षम हैं और उन्हें इन घटनाओं से खुद ही निपटना चाहिए। शर्मा के नाना ने कहा, 'वह एक बहादुर लड़की है। वह अपने पिता के सपने को पूरा करने के लिए सेना में अधिकारी बनना चाहती है।'