उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि भारत को विश्व स्तर पर कभी भी उतना तवज्जो नहीं मिली जितनी अब मिलती है और यह गर्व की बात है कि भारतीय प्रधानमंत्री की छवि, भारतीय विदेश मंत्री की छवि, विदेशों में हर भारतीय की छवि बहुत अलग है।
भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने मंगलवार को अखिल भारतीय प्रबंधन संघ (एआईएमए) के 49वें राष्ट्रीय प्रबंधन सम्मेलन में भाग लिया। यहां लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वह भारत के खिलाफ किसी भी तरह की प्रतिकूल टिप्पणी से आहत हैं, जो जमीनी हकीकत से पूरी तरह से अलग है और जिसे मीडिया ने जोर शोर से उठाया है।
विज्ञापन
कोरोना महामारी पर सरकार की उपलब्धियों का किया जिक्र
सम्मेलन को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति धनखड़ ने कोविड-19 महामारी से निपटने, व्यापार करने में आसानी, आर्थिक सुधारों और भारत के आगामी जी-20 राष्ट्रपति पद के लिए सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया। आगे कहा कि कार्यकारी नेतृत्व ने जमीन पर वह हासिल किया है जिसकी हमने पहले कभी कल्पना भी नहीं की थी।
भारत के खिलाफ प्रतिकूल टिप्पणी से दुखी हूं
धनखड़ ने कहा कि महामारी ने सभी को देश की ताकत से अवगत कराया और इसने लोगों के जीवन के हर पहलू का छूआ। कोरोना काल में लोग जरूरतमंदों की पीड़ा को कम करने के लिए आगे आए। आगे उपराष्ट्रपति ने कहा कि कभी-कभी मुझे बहुत दुख होता है जब दुनिया के किसी भी कोने में इस देश की जमीनी हकीकत से पूरी तरह से अलग कोई आवाज आती है जो कुछ प्रतिकूल कहती है और जिसे मीडिया जोर शोर से उठाता है।
विज्ञापन
उपराष्ट्रपति धनखड़ ने कहा कि इस तरह की टिप्पणी सम्मेलन में शामिल होने वाले उद्योग जगत के लोगों का अपमान है, जो कहीं से भी बोलने वाले सज्जन की तुलना में कहीं अधिक परिपक्वता रखते हैं। उपराष्ट्रपति ने कहा कि इस तरह की राजनीति को रोकना होगा और यह नियंत्रण केवल उस सहकर्मी समूह में हो सकता है जो मेरे सामने है। मैं इस पर अधिक विचार नहीं करूंगा।
दुनिया में भारत के पीएम विदेश मंत्री की छवि बहुत अलग
उपराष्ट्रपति ने कोरोना टीकाकरण को लेकर भारत सरकार की तारीफ की। साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल के रूप में अपने कार्यकाल का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत को विश्व स्तर पर कभी भी उतना तवज्जो नहीं मिली जितनी अब मिलती है और यह गर्व की बात है कि भारतीय प्रधानमंत्री की छवि, भारतीय विदेश मंत्री की छवि, विदेशों में हर भारतीय की छवि बहुत अलग है।
जी-20 की अध्यक्षता पर भारत की तारीफ की
धनकड़ ने कहा कि भारत इस साल के अंत में जी-20 की अध्यक्षता ग्रहण कर रहा है, जिससे देश को वैश्विक आर्थिक और राजनीतिक एजेंडा को आकार देने का मौका मिलेगा।