अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा मांगने की खबरों के बीच विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) ने अपने कार्यकर्ताओं को ऐसी घटनाओं पर नजर रखने का निर्देश दिया है।
वीएचपी के प्रवक्ता बिनोद बंसल ने रविवार को कहा कि मंदिर निर्माण के लिए हमारा संगठन चंदा इकट्ठा करने का कार्यक्रम नहीं चला रहा है। कार्यकर्ताओं को इसके प्रति लोगों को जागरूक करना चाहिए।
बंसल ने कहा, इससे पहले हमारी योजना लोगों से चंदा मांगने की थी, लेकिन कोरोना संक्रमण के चलते यह संभव नहीं हो सका। फिलहाल वीएचपी की ओर से मंदिर निर्माण के लिए चंदा लेने का कोई कार्यक्रम नहीं चलाया जा रहा है।
साथ ही उन्होंने कहा कि कुछ ऐसे मामले सामने आए हैं, जिसमें मंदिर के लिए चंदा मांगा जा रहा है। अगर किसी को मंदिर के लिए चंदा देना है तो वह सीधे राम मंदिर ट्रस्ट में दान कर सकता है।