विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के केन्द्रीय मार्गदर्शक मंडल की बैठक नौ अप्रैल शुक्रवार को हरिद्वार में होने जा रही है। एक दिवसीय बैठक में राम मंदिर निर्माण, देशभर के हिंदू मंदिरों की स्वायत्तता और सरकारी नियंत्रण से मुक्ति के अलावा धर्मांतरण और लव जिहाद् जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।
वीएचपी के केंद्रीय मंत्री और धर्माचार्य संपर्क प्रमुख अशोक तिवारी ने अमर उजाला से कहा, मार्गदर्शक मंडल की बैठक में देश के लाखों मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त कराने का अभियान शुरू करने की तैयारी को लेकर चर्चा होगी। विहिप के स्तर से इस मसले पर शीघ्र ही राज्य सरकारों से बातचीत शुरू होगी। जरूरत पड़ी तो इस मुद्दे को लेकर कानूनी लड़ाई भी लड़ी जाएगी। आज दानदाताओं द्वारा मठ-मंदिरों को दी गई जमीनों का उपयोग दूसरे कामों के लिए किया जा रहा है। समाज हित में इसका उपयोग नहीं हो रहा है।
उन्होंने कहा, हम सभी राज्य सरकारों से ये जानना चाहते हैं कि जब उन्होंने मंदिरों को अधिकृत किया था तब मंदिरों के पास कितनी संपत्ति थी और आज कितनी संपत्ति है। जो भी दान अब तक मिला है वह सरकार ने किन कामों में खर्च किया। राज्य सरकारों के पास 'मठ-मंदिर मुक्त हों' इसे लेकर बैठक में एक प्रस्ताव लाया जाएगा। इसके अलावा लव जिहाद के मामले पर भी चर्चा होगी।
वीएचपी की मांग है कि इस मामले की गंभीरता को समझते हुए राज्य सरकारें लव-जिहाद रोकने के लिए सशक्त कानून बनाएं, साथ ही हम समाज से भी अपील करते हैं कि वह ऐसी घटनाओं के प्रति चौकन्ना रह कर उन्हें रोकने के लिए संविधान सम्मत कदम उठाएं। बैठक में राम मंदिर निर्माण को लेकर अब तक कितनी राशि संग्रह हुई है, साथ ही मंदिर निर्माण की आगे क्या रुपरेखा होगी इस पर भी चर्चा होगी।
विहिप के केंद्रीय मंत्री मिलिंद परांडे ने अमर उजाला को बताया कि देश के सभी मंदिर हिंदू धर्म के प्रचार के केंद्र बनने चाहिए। मंदिरों के दान का उपयोग हिंदू संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए होना चाहिए। केरल जैसी कई सरकारों द्वारा मंदिरों पर कब्जा कर भारतीय संस्कृति को समाप्त करने की साजिश रची जा रही है। कई मंदिरों में तो पूजा-पाठ तक ठीक से नहीं हो रहा है।
इसके लिए समाज के लोगों को आगे आकर सरकारों पर दबाव बनाना चाहिए कि वे मंदिरों के संचालन की जिम्मेदारी समाज को सौंपें। मार्गदर्शक मंडल की बैठक में सरकारी नियंत्रण से मुक्ति के अलावा क्रिश्चियन मिशनरियों द्वारा धर्मांतरण और लव जिहाद सहित सहित देश व धर्म से संबंधित अनेक मुद्दों पर विचार किया जाएगा।
मार्गदर्शक मंडल की बैठक हरिद्वार के भूपतवाला स्थित परमानंद महाराज के आश्रम अखंड परमधाम में आयोजित होगी। इसमें विहिप के कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार, महासचिव चंपत राय, वीएचपी के केंद्रीय मंत्री मिलिंद परांडे के अलावा अखाड़ा प्रमुख स्वामी अवधेशानंद गिरि जी महाराज समेत कई प्रमुख साधु संत शामिल होंगे।