विहिप के अंतरराष्ट्रीय संयुक्त महासचिव डॉ. सुरेंद्र जैन ने गुरुवार को एक वीडियो बयान जारी कर कहा कि हिंदू समुदाय के पैसों के बल पर चल रहे अजमेर शरीफ के चिश्ती लगातार हिंदू विरोधी काम कर रहे हैं...
अजमेर की दरगाह शरीफ को लेकर विश्व हिंदू परिषद की ताजा टिप्पणी से एक बार फिर विवाद बढ़ गया है। विहिप ने आरोप लगाया है कि अजमेर शरीफ राष्ट्र विरोध और हिंदू समुदाय के विरोध का अड्डा बन चुका है। संगठन ने अजमेर शरीफ में पीएफआई की आपत्तिजनक गतिविधियों को लेकर बैठक किए जाने का भी आरोप लगाया है। अजमेर शरीफ के एक धार्मिक नेता के विवादित वीडियो के सामने आने के बाद विहिप ने राजस्थान सरकार से कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के अंतरराष्ट्रीय संयुक्त महासचिव डॉ. सुरेंद्र जैन ने गुरुवार को एक वीडियो बयान जारी कर कहा कि हिंदू समुदाय के पैसों के बल पर चल रहे अजमेर शरीफ के चिश्ती लगातार हिंदू विरोधी काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दरगाह के अंजुमन कमेटी के सचिव सरवर चिश्ती और उनके करीबी पहले भी हिंदू समुदाय के विरूद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी कर चुके हैं। उनके इसी तरह के बयान के कारण अजमेर शरीफ में आपत्तिजनक नारे लगाए गए और इन नारों के कारण कन्हैयालाल की हत्या हुई।
उन्होंने कहा कि सरवर का पुत्र आदिल चिश्ती का एक वीडियो जारी हुआ है, जिसमें वह हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहा है। इस तरह का वीडियो तब जारी किया जा रहा है जबकि कन्हैयालाल की हत्या के बाद उदयपुर सहित पूरे राजस्थान का माहौल गर्म है और इस तरह के किसी बयान से माहौल दोबारा खराब हो सकता है। उन्होंने कहा कि हिंदू समुदाय अब अपने देवी-देवताओं का अपमान बर्दाश्त करने के लिए तैयार नहीं है। यदि राजस्थान सरकार समाज में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गंभीर है तो इन सभी लोगों पर तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।