गणेशोत्सव के बाद गरबा-डांडिया आयोजनों को लेकर सियासी पारा चढ़ने के आसार हैं। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने 11 अक्तूबर से शुरू हो रहे नवरात्र के दौरान गरबा-डांडिया आयोजनों में मुस्लिमों के प्रवेश पर रोक की मांग को लेकर अभियान चलाने का फैसला किया है। गणेशोत्सव समाप्त होने के बाद विहिप के नेता मुंबई के प्रमुख आयोजकों से मुलाकात करेंगे और अपनी मांगों के समर्थन में अभियान चलाएंगे।
विहिप के प्रवक्ता श्रीराज नायर ने कहा कि गरबा और डांडिया केवल मनोरंजन के आयोजन नहीं बल्कि हिंदू धार्मिक परंपरा और आस्था से जुड़ा उत्सव है। इन आयोजनों में हिंदू धर्म और देवी-देवताओं की आस्था का सम्मान नहीं करने वाले लोगों के प्रवेश से विवाद की स्थिति पैदा होती है। ऐसे आयोजनों में उन्हें आने की जरूरत नहीं है। नायर ने कहा कि मुस्लिम समुदाय के लोग हिंदू धार्मिक आयोजनों में शामिल होते हैं लेकिन दूसरी ओर, हिंदू-देवी देवताओं की पूजा को लेकर आपत्तियां भी जताते हैं। यहां तक कि राष्ट्रगीत वंदेमातरम में मां दुर्गा के उल्लेख पर भी उन्हें आपत्ति है। यदि किसी को हिंदू धार्मिक मान्यताओं से परेशानी है तो वह गरबा जैसे धार्मिक आयोजन में क्यों शामिल होना चाहता है? विहिप प्रवक्ता ने कहा कि सभी आयोजकों को अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक जिम्मेदारी समझते हुए इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
ये भी पढ़ें:
बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी सामग्री पर मेटा को नोटिस: आज फिर तलब किए अधिकारी; क्या है पूरा मामला?
सीएम की पत्नी सहमत नहीं
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने कहा है कि यदि कोई मुस्लिम शांतिपूर्वक गरबा देखने आता है तो उसमें कुछ गलत नहीं है। इस पर नायर कहते हैं कि अमृता राजनीतिक नहीं हैं। वह सीएम की पत्नी हैं। ऐसे में मीडिया को उनसे यह सवाल पूछने का कोई औचित्य ही नहीं था।
लड़कियों का वीडियो बनाने में गिरफ्तार हुआ था किशोर
मुंबई में गुजराती बाहुल्य बोरिवली, विले पार्ले, मलाड, मुलंड व घाटकोपर आदि इलाकों में डांडिया और गरबा के बड़े आयोजन होते हैं। विहिप और उसके सहयोगी संगठन लव जिहाद का भी मुद्दा उठा रहे हैं। दरअसल, गत वर्ष गरबा-डांडिया के दौरान मुंबई में दो मुस्लिम युवाओं पर नृत्य करती लड़कियों का वीडियो बनाने और अश्लील बात करते हुए चैट करने का मामला सामने आया था। इस मामले में भाजपा नेता प्रकाश गाडे की शिकायत पर एक 17 वर्ष के किशोर को गिरफ्तार भी किया गया था।