भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के सेनानी और राष्ट्रवादी नेता वीर सावरकर की आज जयंती है। सावरकर की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें याद करते हुए ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि वीर सावरकर की जयंती पर मैं उनको नमन करता हूं, हम उन्हें उनकी बहादुरी, स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान और हजारों लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए नमन करते हैं।
इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी ट्वीट कर वीर सावरकर को याद किया। रक्षा मंत्री ने ट्वीट किया कि वीर सावरकर भारत माता के ऐसे सपूत थे जिन्होंने अदभुत जीवट और राष्ट्रप्रेम का परिचय देते हुए इस देश को आजाद कराने में बड़ी भूमिका निभाई। उन्होंने एक भारत और मजबूत भारत की कल्पना की जिसे साकार करने का संकल्प हर भारतीय के मन में है। सावरकर जी की जयंती पर मैं उन्हें नमन करता हूं!
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने भी वीर सावरकर को याद करते हुए ट्वीट किया उन्होंने लिखा सावरकर जी एक महान देशभक्त, एक बहुत निराले साहित्यकार थे। भाषा शुद्धि का काम और समाज सुधारने के लिए उन्होंने नींव का पत्थर का काम किया है। सावरकर जी पीढ़ी दर पीढ़ी प्रेरणा देते रहेंगे। वीर सावरकर की जयंती पर उन्हें कोटि कोटि नमन।
झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी सावरकर को याद किया। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि प्रखर राष्ट्रवादी नेता स्वातंत्र्यवीर विनायक दामोदर सावरकर जी की जयंती पर शत शत नमन। वीर सावरकर भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के महान क्रांतिकारी, चिंतक, सिद्धहस्त लेखक, कवि, ओजस्वी वक्ता, दूरदर्शी राजनेता, इतिहासकार भी थे।