सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने रेलवे के रखरखाव पर सवाल उठाए। कुछ ने पूछा कि नई और आधुनिक ट्रेनें बनाने के साथ उनके रखरखाव पर भी क्या उतना ही ध्यान दिया जा रहा है। वहीं, कुछ यूजर्स ने यात्रियों के सिविक सेंस पर सवाल उठाए है।
वंदे भारत एक्सप्रेस को पटरी पर दौड़ते हुए छह साल से ज्यादा हो चुके हैं। ट्रेन को रोज साफ-सुथरा और दुरुस्त रखना रेलवे के लिए बड़ी चुनौती है। हाल ही में एक यात्री ने सोशल मीडिया पर वंदे भारत की कुछ तस्वीरें साझा कीं। इनमें टूटे शीशे और जंग लगे टॉयलेट नजर आए। पोस्ट सामने आने के बाद रेलवे ने मामले पर तुरंत कार्रवाई की।
विज्ञापन
खुद को रेल फैन बताने वाले हिमांशु मुखर्जी हाल ही में वंदे भारत से सफर कर रहे थे। सफर के दौरान उन्होंने ट्रेन के बाहर कुछ टूटे शीशे देखे। उन्होंने उनकी तस्वीर खींच ली। इसके बाद बाथरूम की हालत भी देखी। टॉयलेट में लोहे के कुछ हिस्सों पर जंग लगी थी। हिमांशु ने दोनों तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रेलवे से शिकायत की।
Never thought that one of dirtiest and shabby Vande Bharat's accross India would be found in @drmadiwr ,@WesternRly, untidy exteriors, broken glasses, rusted toilets never expected to witness on IR's Flagship train @RailMinIndia
हिमांशु ने पोस्ट में लिखा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में वंदे भारत की ऐसी हालत देखने को मिलेगी। उन्होंने ट्रेन के बाहर गंदगी, टूटे शीशे और जंग लगे टॉयलेट का जिक्र किया। उनके मुताबिक, यह घटना 2 अक्टूबर की है। वह साबरमती से वेरावल के बीच ट्रेन संख्या 26901 से सफर कर रहे थे।
मामले पर अहमदाबाद मंडल के डीआरएम ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि यात्री के फीडबैक को गंभीरता से लिया गया है। वंदे भारत में ऐसी स्थिति रेलवे के मानकों के अनुरूप नहीं है। मेंटेनेंस स्टाफ ने तुरंत कार्रवाई कर समस्या को ठीक कर दिया। डीआरएम ने कार्रवाई का वीडियो भी साझा किया। उन्होंने बताया कि अब समस्या पूरी तरह दूर कर दी गई है।
पोस्ट पर कई यूजर्स ने रेलवे के रखरखाव पर सवाल उठाए। कुछ ने पूछा कि नई और आधुनिक ट्रेनें बनाने के साथ उनके रखरखाव पर भी क्या उतना ही ध्यान दिया जा रहा है। वहीं, कुछ यूजर्स ने यात्रियों के सिविक सेंस पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि ट्रेन की ऐसी हालत के लिए यात्रियों की लापरवाही भी जिम्मेदार हो सकती है। एक यूजर ने कहा कि बुलेट ट्रेन शुरू होने के बाद उसके रखरखाव पर भी खास ध्यान देना होगा, नहीं तो उसकी हालत भी समय के साथ खराब हो सकती है।