घाटी के आतंकी नक्सलियों की राह पर चल पड़े हैं। हमला कर हथियार लूटने के नक्सलियों के ट्रेंड को आतंकियों ने अपना लिया है। इसके लिए उन्होंने साफ्ट टारगेट के रूप में नेताओं तथा रसूख वालों के सुरक्षाकर्मियों को चुना है। ज्यादातर घटनाएं दक्षिणी कश्मीर में हुई हैं। आतंकी बुरहान वानी के मारे जाने के बाद इस ट्रेंड में बढ़ोतरी हुई है।
सूत्रों का कहना है कि पिछले दो महीने में आतंकियों ने 70 से अधिक हथियार लूटे हैं। इनमें थाने पर हमले तथा सुरक्षाकर्मियों से लूट के हथियार शामिल हैं। कुलगाम जिले के दमहाल हांजीपोरा थाने से हिंसा के दौरान लूटे गए हथियारों का अब तक पता नहीं चल सका है।
सुरक्षा एजेंसियों के पास इस बात के इनपुट हैं कि दक्षिणी कश्मीर से 300 से अधिक युवा पिछले कुछ महीनों में गायब हैं। माना जा रहा है कि इन्होंने आतंकी संगठन का दामन थाम लिया है।