इस्राइल द्वारा जारी नए डाटा के अनुसार देश के अधिक लोगों का कोविड 19 टीकाकरण करवाया जाए तो टीका न लगवाने वाले लोगों, खास तौर से बच्चों को भी सुरक्षित किया जा सकता है।
विज्ञापन
नेचर मेडिसिन पत्रिका ने रिपोर्ट प्रकाशित कर बताया है कि इस्राइल में अब तक 16 वर्ष से ऊपर अधिक उम्र के लोगों का टीकाकरण हुआ है। इस दौरान जितने ज्यादा लोगों को टीका लगाया जाता रहा उसी अनुपात में 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के कोरोना पॉजिटिव मिलने की दर घटती गई।
अध्ययन से जुड़े इस्राइल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के डाटा विज्ञानी रोय किशोनी के अनुसार टीकाकरण न केवल उन लोगों को फायदा पहुंचा रहा है जो इसे लगवा रहे हैं, बल्कि उनके आसपास रहने वाले लोगों को भी संक्रमण से बचाने में मदद मिली है। अध्ययनकर्ताओं ने टीकाकरण के रिकॉर्ड और वायरस से पॉजिटिव मिल रहे लोगों के 6 दिसंबर 2020 से 9 मार्च 2021 तक के आंकड़ों का विश्लेषण किया।
विज्ञापन
टीके के बाद संक्रमण हुआ भी तो खतरा घटा
रिपोर्ट ने एक बार फिर इस तथ्य की भी पुष्टि की है कि टीकाकरण के बावजूद अगर किसी व्यक्ति को कोरोना संक्रमण हो रहा है तो उसमें वायरस का प्रसार बहुत कम है। ऐसे लोगों के जरिये संक्रमण की आशंका भी घटती है।
परिवारों को मिला फायदा
फिनलैंड में इसी विषय से जुड़े एक अन्य अध्ययन में दावा किया गया कि जिन स्वास्थ्यकर्मियों को कोविड-19 टीका लगाया गया, उनके परिवार में संक्रमण की संभावना कम हुई। डॉ. किशोनी के अनुसार टीका लगवा चुके व्यक्ति खुद कम बीमार पड़ रहे हैं और दूसरों में वायरस भी कम फैला रहे हैं। इसका परिणाम यह है कि वायरस के फैलने का चक्र कई गुना कमजोर पड़ रहा है।