फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

BJP In UP Nikay: क्या मुस्लिमों को 395 टिकट देने से भाजपा ने दिखाया कमाल? मंत्री दानिश अंसारी दे रहे हैं जवाब

अमित शर्मा
Updated Sat, 13 May 2023 05:17 PM IST

सार

Amar Ujala Interview on BJP's Performance In UP Nikay Chunav Result: यूपी निकाय चुनाव में भाजपा की जीत का कारण क्या है, आजम खान जैसे दिग्गज मुस्लिम नेता के गढ़ में भाजपा क्यों जीती? ऐसे ही सवालों के जवाब बता रहे हैं योगी सरकार में मंत्री दानिश आजाद अंसारी...
 
विज्ञापन
विज्ञापन
Danish Ansari - फोटो : Amar Ujala


भाजपा ने उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव में ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। इस पर क्या कहेंगे?

दानिश अंसारी: उत्तर प्रदेश का नागरिक होने के कारण और यूपी सरकार का मंत्री होने के आधार पर मैं यही कहूंगा कि जनता ने हमारे विकास कार्यों पर अपनी मुहर लगाई है। आपने इसके पहले देखा था कि 2014 या 2019 का लोकसभा चुनाव हो या 2017 और 2022 का विधानसभा चुनाव, हर स्तर पर भाजपा शानदार सफलता हासिल कर रही है। वही क्रम निकाय चुनाव के स्तर पर भी देखने को मिला है। मैं यही कहूंगा कि सेवा हमारा प्रथम कर्तव्य है और शानदार समर्थन देकर जनता ने हम पर विश्वास जताया है। हम अपने इस कर्तव्य को निभाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे और जनता की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे। 


आप क्या मानते हैं कि इस जीत का सबसे बड़ा कारण क्या रहा है?

दानिश अंसारी: जनता की सेवा, सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाएं। मुझे लगता है कि इन तीन शब्दों में ही हमारा पूरा कार्य जनता के सामने आ जाता है। समाज के किसी वर्ग से भेदभाव के बिना सबको कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। कोई माफिया-अपराधी अब जनता को परेशान नहीं कर सकता। सबसे बड़ी बात यह है कि जनता का भी हम पर भरोसा है कि यदि सबका विकास करना है तो भाजपा को ही लाना होगा। हमारी पार्टी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की यह सबसे बड़ी सफलता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता की सेवा कर जनता के हृदय में जो भरोसा पैदा किया है, उसी का परिणाम इस चुनाव परिणाम के रूप में बार-बार हमारे सामने आ रहा है।     


भाजपा ने इस चुनाव में 395 मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट दिया था। बड़ी संख्या में मुस्लिम उम्मीदवार जीतकर भी आए हैं। क्या आप मानते हैं कि मुस्लिम बहुल सीटों पर भी भाजपा की जीत का यह बड़ा कारण साबित हुआ है? 

दानिश अंसारी: देखिए, कांग्रेस-सपा-बसपा जैसे दलों ने जनता के मन में भाजपा के प्रति तमाम तरह की शंकाएं पैदा की थीं, लेकिन मुसलमानों ने 2014 से लेकर अब तक यही देखा कि उसके साथ कोई भेदभाव नहीं हो रहा है, बल्कि सभी कल्याणकारी योजनाओं में वह आबादी में अपने अनुपात से ज्यादा हिस्सा पा रहे हैं। यही कारण है कि उनके मन में भाजपा को लेकर फैलाए गए सभी भ्रम समाप्त हो गए और यह परिणाम देखने को मिला। यदि मुसलमान बहुल सीटों पर भी भाजपा शानदार जीत दर्ज कर रही है तो यह दिखाता है कि अल्पसंख्यकों के मन में भाजपा को लेकर तमाम आशंकाएं समाप्त हो गई हैं। अब वे अपने विकास के लिए भाजपा को वोट कर रहे हैं और भाजपा के प्रति उसके मन में अफवाह फैलाने वालों की राजनीतिक दुकान बंद हो गई है। 


आजम खान जैसे दिग्गज मुस्लिम नेता के गढ़ में यदि भाजपा को बड़ी जीत मिलती है तो इसे आप किस बात का इशारा मानते हैं?

दानिश अंसारी: यह साफ इशारा है कि मुसलमानों के नाम पर राजनीति करने वालों का समय अब समाप्त हो गया है। आजम खान साहब स्वयं को राजा मानते थे और जनता को अपनी प्रजा। उन्होंने अपने पूरे कार्यकाल में केवल अपने परिवार का फायदा किया और जनता को हिंदू-मुसलमान के मुद्दे पर उलझाए रखा, लेकिन अब यह वर्ग अपने बच्चों के विकास के लिए भाजपा की ओर देख रहा है। यही कारण है कि आपको स्वार विधानसभा सीट पर इस तरह के परिणाम देखने को मिल रहे हैं।  


...लेकिन विपक्ष के कुछ नेता अतीक अहमद जैसे अपराधियों की मौत को मुसलमानों से जोड़कर बता रहे हैं, इस पर आप क्या कहेंगे? 

दानिश अंसारी: ऐसे लोगों ने स्वयं ही यह साफ कर दिया है कि उनकी प्राथमिकता मुसलमानों के विकास की नहीं, बल्कि धर्म और जाति के नाम पर उन्हें उलझाए रखने की है। यदि किसी अपराधी में उन्हें धर्म दिखाई पड़ता है तो इससे ज्यादा गलत और कुछ नहीं हो सकता। लेकिन मुसलमान समुदाय अब इस सच्चाई को समझ गया है। यही कारण है कि अब इन दलों की नींद हराम हो गई है।
विज्ञापन


विज्ञापन
विज्ञापन
Next