यूपी में आखिरी चरण का मतदान भी करीब-करीब शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। छिटपुट घटना को छोड़ दें कहीं कोई हिंसा नहीं हुई। यूपी की जनता ने इस बार चुनावों में पिछली बार से थोड़ा ज्यादा मतदान किया है। साथ ही सभी पार्टियों को इस बार पहले से ज्यादा उलझा भी रखा है। फिलहाल सबकी किस्मत ईवीएम में कैद हो चुकी है। सभी सियासी दल अपनी जीत का दावा कर रहे हैं लेकिन किसकी होली रंगीन होगी इसका पता तो 11 मार्च को ही चलेगा। सातवें चरण के मतदान की ये बात सबसे खास रही कि महिला दिवस के मौके पर यूपी की महिलाओं ने जमकर मतदान किया और पुरुषों को पीछे छोड़ दिया।
यूपी में इस बार चुनाव 7 चरणों में संपन्न हुआ है। इन सात चरणों में जनता ने चुनाव प्रचार के दौरान नेताओं के 70 रंग देखे। जानिए सात चरणों में जनता ने भी मतदान मे क्या रंग दिखाए यानि कि किस चरण में कितना मतदान हुअा।
पहला चरण- 11 फरवरी
यूपी में पहले चरण का मतदान 11 फरवरी को हुआ। पहले चरण में 15 जिलों की 73 विधानसभा सीटों के लिए वोट डाले गए। पहले चरण में 63.84 फीसद मतदान दर्ज किया गया। जो कि साल 2012 के मुकाबले 2.8 फीसद ज्यादा था।
दूसरा चरण - 15 फरवरी
दूसरे चरण में 67 विधानसभा सीटों के लिए जनता ने मतदान किया। इस बार 66.17% मतदान दर्ज किया गया। जो कि 2012 से 1 फीसदी ज्यादा था।
तीसरा चरण - 19 फरवरी
तीसरे चरण में 12 जिलों की 69 सीटों के लिए मतदान हुआ। इस बार 61.16 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जो कि साल 2012 के मुकाबले 1.47 फीसदी ज्यादा था।
चौथा चरण - 23 फरवरी
चौथे चरण में 53 सीटों के लिए मतदान हुआ। इस बार 61.21 फीसदी मतदाताओं ने वोट किया। जो कि साल 2012 के चुनाव के मुकाबले 1.01% ज्यादा था।
पांचवा चरण - 27 फरवरी
पांचवें चरण में 11 जिलों की 51 सीटों पर वोट डाले गए। इस बार 57 फीसदी ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जो कि पिछली बार से सिर्फ 0.25% ही ज्यादा था।
छठा चरण - 4 मार्च
छठे चरण में पूर्वांचल के सात जिलों की 49 सीटों के लिए वोट डाले गए। इस बार 57 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।
सातवां चरण - 8 मार्च
सांतवें और अंतिम चरण में यूपी की 7 जिलों की 40 सीटों के लिए वोट डाले गए। सातवें चरण में 60 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।