यदि आप ऑनलाइन शराब या बीयर मंगवाते हैं तो आपको थोड़ा सावधान होने की जरूरत है क्योंकि आप ठगों के निशाने पर आ सकते हैं। ठगों ने आजकल ठगी करने का नया रास्ता निकाला है। इसके लिए वह इंटरनेट पर मौजूद शराब की दुकानों के विवरण में अपना नंबर पोस्ट कर रहे हैं। इससे ग्राहक शराब का ऑर्डर उनके पास कर देते हैं। फोन आने पर वह ई-वालेट के जरिए भुगतान करने के लिए कहते हैं। भुगतान के बाद जब ऑर्डर नहीं पहुंचता है तब ग्राहक को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चलता है।
मुंबई के कई थानों ने आजकल इस तरह की शिकायतें आ रही हैं। लगभग 6 थानों की पुलिस इन मामलों की जांच में जुटी हुई है। महाराष्ट्र वाइन मर्चेंट्स एसोसिएशन के पास एक दर्जन शराब दुकान के मालिकों ने शिकायत दर्ज की है। पुलिस ने बताया कि मुंबई के बांद्रा, सांता क्रूज, घाटकोपर और चेंबूर जैसे कई थानों में इस तरह की शिकायतें दर्ज हैं।
मामलों की जांच कर रहे एक अधिकारी ने बताया, 'ऐसे कई ऐप्स हैं जो यूजर्स को सर्च इंजन पर अपना व्यापार सूची जानकारी में परिवर्तन करने का अधिकार देते हैं। आमतौर पर सर्च इंजनों को दुकान मालिकों या प्रबंधकों को हर बार किसी भी तरह का बदलाव किए जाने पर एक नोटिफिकेशन भेजा जाना चाहिए लेकिन ज्यादातर मामलों में ऐसा नहीं होता है। वहीं दुकान मालिक, प्रबंधक और उनके कर्मचारी इसकी जांच करना जरूरी नहीं समझते हैं।'
बांद्रा के नीरज कोल्हा ने बताया कि उन्होंने अपने इलाके की सबसे अच्छी शराब दुकान का नंबर इंटरनेट पर देखा और 1300 रुपये का भुगतान करके वाइन का ऑर्डर किया था। उन्होंने बताया, 'मुझे ऑनलाइन एक नंबर मिला और शख्स ने मुझे ई-वॉलेट के जरिए भुगतान करने के लिए कहा। एक घंटे बाद जब मैंने अपना ऑर्डर चेक करने के लिए फोन किया तो उसने कहा कि कुछ खराबी आ गई है। उसने मेरा बैंक अकाउंट नंबर मांगा ताकि वो पैसा रिफंड कर सके। तब मुझे अहसास हुआ कि मैं धोखाधड़ी का शिकार हो गया हूं। मैने मोबाइल की लोकेशन चेक की तो पता चला कि वह शख्स राजस्थान में था। मुझे कुछ और लोग मिले जिन्हें कि इसी शख्स ने ठग का शिकार बनाया था।'
इस मामले पर दुकानदारों का कहना है कि इससे उनकी छवि खराब होने के साथ ही व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। महाराष्ट्र वाइन मर्चेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष दिलीप ज्ञनानी ने बताया कि उन लोगों ने सभी दुकानदारों से कहा है कि वह इंटरनेट पर दिए गए अपनी दुकान का विवरण देखते रहें। एसोसिएशन के उपाध्यक्ष बाली रेखी ने कहा पिछले तीन महीनों में पांच शराब मालिकों ने उनके पास ठगी की शिकायत की है।