अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जैरेड कशनर इस हफ्ते राजस्थान के जैसलमेर में होने वाली एक महंगी शादी में शामिल हो सकते हैं। उनके साथ उनकी पत्नी और ट्रंप की बेटी इवांका भी आ सकती हैं।
22 नवंबर से 25 नवंबर तक चलने वाले शादी समारोह में दोनों शिरकत कर सकते हैं। वहीं अमेरिकी दूतावास को इस बारे में कुछ नहीं पता है।
जानकारी के मुताबिक अमेरिकी दूतावास के अधिकारी और सुरक्षा कर्मियों की 50 सदस्यों की टीम जैसलमेर पहुंच चुकी है। यहां आकर उन्होंने तैयारियों का जायजा लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजीव दत्ता ने बताया कि जैरेड और इवांका के विशेष चार्टर्ड प्लेन से आने की संभावना है। वह 22 नवंबर को आ सकते हैं।
जिला कलेक्टर ओम कासेरा का कहना है कि जैरेड और बाकी लोगों से संबंधित औपचारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। लेकिन सूत्रों का कहना है कि जैरेड और इवांका प्रतिष्ठित उद्योगपति की इस शादी में शामिल होंगे और हो सकता है कि वह यहां एक रात भी गुजारें। इसके बाद वह जैसलमेर से 25 नवंबर को रवाना होंगे।
इससे पहले भी इवांका भारत आ चुकी हैं। यहां साल 2017 में उन्होंने हैदराबाद में आयोजित वैश्विक उद्यमिता शिखर सम्मेलन में शिरकत की थी।