प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने अमेरिका के दौरे पर जाएंगे। वहां वे 22 जून 2023 को अमेरिका में राजकीय रात्रिभोज में शामिल होंगे। पीएम मोदी के आधिकारिक राजकीय दौरे के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और फर्स्ट लेडी जिल बाइडन उनकी मेजबानी करेंगे। व्हाइट हाउस की ओर से यह जानकारी साझा की गई है।
व्हाइट हाउस की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि यात्रा मुक्त, खुले, समृद्ध और सुरक्षित भारत-प्रशांतक्षेत्र के लिए दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को दोहराएगी। इससे रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा और अंतरिक्ष सहित हमारी रणनीतिक प्रौद्योगिकी साझेदारी को बढ़ाने के हमारे साझा संकल्प को मजबूती मिलेगी। अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन से मुलाकात के दौरान दोनों नेता हमारे शैक्षिक आदान-प्रदान और लोगों के बीच संबंधों को और विस्तारित करने के तरीकों पर चर्चा करेंगे। इसके साथ ही जलवायु परिवर्तन से लेकर कार्यबल विकास और स्वास्थ्य सुरक्षा जैसी चुनौतियों का सामना करने के लिए मिलकर काम करेंगे।
ओबामा ने मनमोहन को किया था आमंत्रित
इससे पहले पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को नवंबर 2009 में आधिकारिक यात्रा पर आमंत्रित किया था। नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय ने भी प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिका यात्रा की जानकारी दी। मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रपति जो बाइडन और प्रथम महिला जिल बाइडन के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री मोदी अगले महीने अमेरिका की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। मंत्रालय के बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी के लिए 22 जून को राजकीय भोज का आयोजन किया जाएगा।