अमेरिका में हवाई की उच्चतम न्यायालय की जज सबरीना मैक्कीना ने कहा कि भारतीय न्यायपालिका में उच्च स्तर पर बहुत कम महिलाएं हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय सुप्रीम कोर्ट में महज तीन महिला जजों का होना केवल नाममात्र के लिए है। मौजूदा समय में सुप्रीम कोर्ट में केवल तीन महिला जज आर भानुमति, इंदु मल्होत्रा और इंदिरा बनर्जी हैं।
एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने आईं जज सबरीना ने कहा, ‘मैं भारतीय सुप्रीम कोर्ट के कुछ न्यायाधीशों से प्रेरित हूं, जिनके लिए मेरे मन में बहुत सम्मान है, लेकिन मेरी चिंता महिलाओं की कम संख्या को लेकर और नेतृत्व के लिहाज से भारतीय न्यायपालिका में महिलाओं के खिलाफ पक्षपातपूर्ण रवैया से जुड़ी है। यह बहुत चिंताजनक है कि हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में महिलाएं बहुत कम हैं। महिलाओं के नाम पर आपके पास बस नाममात्र का प्रतिनिधित्व है।’
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय रूप से भारत महिला अधिकार मुद्दों पर पिछड़ता नजर आता है। अमेरिकी जज ने न्यायाधीशों की नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर भी चिंता जताई क्योंकि मौजूदा व्यवस्था से पर्याप्त महिलाएं नियुक्त नहीं हो पा रही हैं।