अमेरिकी वाणिज्य मंत्री जीना रायमोंडो सात से 10 मार्च तक भारत की यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वह भारत-अमेरिका वाणिज्यिक संवाद और सीईओ फोरम में हिस्सा लेंगी। वहीं, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रूसी उपप्रधानमंत्री डेनिस मंटुरोव के साथ भारत-रूस व्यापार संबंधों की समीक्षा की।
अमेरिकी वाणिज्य मंत्री जीना रायमोंडो भारत यात्रा पर आएंगी। वह सात से 10 मार्च तक नई दिल्ली का दौरा करेंगी। यात्रा के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा करने के लिए 10 मार्च को भारत-अमेरिका वाणिज्यिक संवाद और सीईओ फोरम में हिस्सा लेंगी।
विज्ञापन
इससे पहले, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने व्यापार, निवेश को नए सिरे से आगे बढ़ाने के लिए सोमवार को रूस के उपप्रधानमंत्री डेनिस मंटुरोव के साथ वर्चुअल बैठक की। मंटुरोव रूस के व्यापार और उद्योग मंत्री भी हैं। भारत की ओर से जयशंकर ने व्यापार, आर्थिक, वैज्ञानिक, तकनीकी और सांस्कृतिक सहयोग (IRIGC-TEC) पर भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग की सह-अध्यक्षता की।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, दोनों देश व्यापार घाटे और बाजार पहुंच के मुद्दों पर फोकस करने के लिए द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक संबंधों की पूरी क्षमता के साथ काम करने को लेकर सहमत हुए। जयशंकर और मंटुरोव ने नवंबर 2022 में मॉस्को में अपनी बैठक के बाद से आईआरआईजीसी-टीईसी ढांचे के तहत विभिन्न कार्य समूह और उप-समूह बैठकों के लिए फैसलों की समीक्षा की।
विज्ञापन
अंतर-सरकारी आयोग दोनों देशों के बीच व्यापार और आर्थिक सहयोग के क्षेत्रों में द्विपक्षीय प्रगति की निगरानी के लिए बनाया गया था। IRIGC का पहला सत्र 13-14 सितंबर 1994 को आयोजित किया गया था। इसकी अब तक 23 बैठकें हो चुकी हैं। 24वीं IRIGC-TEC बैठक की मेजबानी भारत करेगा।
एसएस दुबे ने लेखा महानियंत्रक के रूप में कार्यभार संभाला
सिविल लेखा सेवा के अधिकारी एसएस दुबे ने सोमवार को लेखा महानियंत्रक (सीजीए) का पदभार संभाल लिया। वित्त मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी। CGA के रूप में कार्यभार संभालने से पहले 1989-बैच के भारतीय नागरिक लेखा सेवा (ICAS) के अधिकारी एसएस दुबे सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन प्रणाली (PFMS) के अतिरिक्त लेखा नियंत्रक थे। सीजीए केंद्र सरकार के लेखांकन मामलों पर प्रधान सलाहकार होता है।