विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा कि हम ईरानी तेल आयात को लेकर अमेरिकी प्रतिबंधों के मुद्दे पर अमेरिका, ईरान और अन्य पक्षों के साथ लगातार संपर्क में हैं। जहां तक अमेरिका से छूट मिलने की संभावना वाली खबरों की बात है तो हमें अभी तक वाशिंगटन की तरफ से ऐसा कुछ नहीं कहा गया है। अमेरिका हमारी तेल जरूरतों को अच्छी तरह जानता है, जो हमारे घरेलू विकास के लिए बेहद अहम है।
अमेरिका ने अस्थाई रूप से आठ देशों को ईरान से तेल आयात जारी रखने की अनुमति के लिए हामी भर दी है। ईरान से तेल आयात पर 5 नवंबर से नए सिरे से लग रही अमेरिकी पाबंदी से पहले शुक्रवार को विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ने बयान जारी कर यह बात कही। हालांकि उन्होंने किसी भी देश का नाम नहीं लिया, लेकिन इस लिस्ट में भारत के शामिल होने की पूरी संभावना है।
जबकि इससे पहले शुक्रवार को ही ब्लूमबर्ग ने एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से इसकी पुष्टि कर दी थी। अमेरिकी अधिकारी ने छूट प्राप्त करनेवाले देशों में भारत, जापान और दक्षिण कोरिया के नाम की पुष्टि की थी। पोम्पियो ने कहा, हम आठ देशों को अस्थायी रूप से छूट दे रहे हैं। इन देशों के नाम सोमवार तक जारी कर दिए जाएंगे। हालांकि पोम्पियो ने स्पष्ट किया कि अमेरिका सोमवार को प्रतिबंध के बाद बेहद ही कम स्तर पर आठ राष्ट्रों को ईरानी तेल के आयात की अनुमति देगा।