उड़ी आतंकी हमलों में पाकिस्तान का हाथ होने का एक और बड़ा सबूत सामने आया है। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के गुजरांवाला में ऐसे खूब सारे पोस्टर चिपके नजर आए हैं जिसमें कहा गया है कि लश्कर ए तैयबा उड़ी हमले को अंजाम देने वाले चार में से एक आतंकी का अंतिम संस्कार करेगा।
अंग्रेजी अखबार 'इंडियन एक्सप्रेस' की रिपोर्ट के मुताबिक, पोस्टर में उड़ी हमलों के साजिशकर्ता आतंकी मोहम्मद अनस के बारे में लिखा गया है जो अबु सिरका के नाम से आतंकी साजिश को अंजाम देने में शामिल रहा। मोहम्मद अनस को गुजरांवाला का निवासी बताया गया है। भारत लगातार इस बात को कहता रहा है कि उड़ी आतंकी हमले में पाकिस्तान शामिल रहा जबकि पड़ोसी देश लगातार इससे इनकार करता रहा है।
पोस्टर में स्थानीय निवासियों से अपील की गई है कि वे लश्कर ए तैयबा के मोहम्मद अनस की नमाज में शामिल हों। पोस्टर में लिखा गया है, 'शेर-ए- दिल जेहादी अनु सिरका मोहम्मद अनस के लिए नमाज में जमा हों, जिसने उड़ी ब्रिगेड कैंप पर हमला कर 177 हिंदू जवानों को नर्क भेजा।'