हरियाणा के खेल मंत्री अनिल विज ने बुधवार को गुरमेहर कौर पर बयान देते हुए कहा कि जो लोग गुरमेहर कौर के बयान का समर्थन कर रहे हैं वह पाकिस्तान के समर्थक हैं। उनके इस बयान के बाद आज हरियाणा विधानसभा का सत्र शुरू होते ही हंगामा होना शुरू हो गया। विपक्षी दलों ने अनिल विज के बयान पर सख्त आपत्ति जताई। विपक्षी दलों के आक्रामक रवैये को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष बार-बार विधायकों से शांत रहने की अपील करनी पड़ी।
बता दें कि अनिल विज ने बुधवार को गुरमेहर कौर पर बोलते हुए कहा कि जो लोग गुरमेहर कौर के बयान का समर्थन कर रहे हैं वह पाकिस्तान के समर्थक हैं और ऐसे लोगों को देश से उठाकर बाहर फेंक देना चाहिए। विज ने कहा कि वह गुरमेहर का नाम भी नहीं लेना चाहते। उसने अपने पिता की शहादत पर राजनीति की और पाकिस्तान को क्लीन चिट दे दी।
उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान आए दिन अपनी नापाक हरकतों से हमारे जवानों को निशाना बनाता है और हमारी सरकार और सेनाएं उन्हें मुंहतोड़ जवाब भी देती हैं। गुरमेहर कौर के बयान का सहारा लेकर उसका समर्थन कर रहे कुछ लोग अपनी राजनीतिक रोटियां सेंक रहे हैं, ऐसे लोगों को देश से बाहर फेंक देना चाहिए।