उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से शुक्रवार को घोषित पीसीएस-2016 प्रारंभिक परीक्षा के रिजल्ट से अभ्यर्थियों में जबरदस्त असंतोष है। आयोग दफ्तर पर शनिवार को पहुंचे प्रतियोगियों ने रिजल्ट में गड़बड़ी का आरोप लगाया। जल्द से जल्द संशोधित उत्तर कुंजी तथा कटऑफ जारी करने की मांग का ज्ञापन भी सौंपा। उन्होंने सोमवार को एक बार फिर आयोग के घेराव की घोषणा की।
प्रतियोगी छात्र संघर्ष समिति के बैनर तले पहुंचे अभ्यर्थियों का कहना था कि आयोग की ओर से पूर्व में जारी उत्तर कुंजी के अनुसार 105, 107 प्रश्नों का सही जवाब देने वाले अभ्यर्थी असफल हो गए हैं, जबकि जिनका 98 सवालों के जवाब सही हैं वे सफल हैं। उन्होंने रिजल्ट में गड़बड़ी की आशंका जताई। प्रतियोगियों का यह भी कहना था कि आयोग में पूर्व में प्रस्तावित हुआ था कि रिजल्ट के साथ संशोधित उत्तर कुंजी और कटऑफ जारी कर दिया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने जल्द से जल्द संशोधित उत्तर कुंजी जारी करने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में अवनीश पांडेय, रजनीश, विक्की खान, जफीर अहमद, शैलेश सिंह, अशोक पांडेय, छत्रपाल सिंह, नवीन कुमार तिवारी, विकास, संदीप यादव, एसके राय आदि शामिल रहे।
भ्रष्टाचार मुक्ति मोर्चा की बैठक में भी रिजल्ट पर असंतोष व्यक्त किया गया है। बैठक में शामिल अभ्यर्थियों ने रिजल्ट में गड़बड़ी का आरोप लगाया। उन्होंने तेज आंदोलन की घोषणा की। आंदोलन की रणनीति पर चर्चा के लिए मोर्चा की रविवार को शाम 5.30 बजे इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ भवन पर बैठक बुलाई गई है। बैठक में कौशल सिंह, लालजी द्विवेदी, कुंवर साहब सिंह, अमरदीप सिंह, अभिषेक सिंह, धर्मेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे। आयोग के सचिव सुरेश कुमार सिंह का कहना है कि जल्द से जल्द कटऑफ और उत्तर कुंजी जारी की जाएगी।