केंद्रीय ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल ने उत्तर प्रदेश की समाजवादी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि राज्य में एक ‘विशेष समुदाय’ के सदस्यों को ही बिजली कनेक्शन दिए जा रहे हैं।
उन्होंने मुरादाबाद के भाजपा सांसद सर्वेश कुमार सिंह के आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार एक ‘विशेष समुदाय’ के लोगों को बिजली कनेक्शन तो देती है लेकिन उनके संसदीय के क्षेत्र के अन्य हिस्सों में लोगों को कनेक्शन देने से मना कर देती है। इस मामले में ऊर्जा मंत्री ने जब राज्य सरकार से रिपोर्ट मांगी तो सपा सरकार ने किसी तरह के भेदभाव से इनकार कर दिया। तब सांसद ने प्रधानमंत्री से अपील की तो उन्होंने ऊर्जा मंत्री को जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति वहां भेजने को निर्देश दिया।
इस संबंध में पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए गोयल ने कहा, ‘समिति ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि मुरादाबाद में कई ऐसे क्षेत्र हैं जहां बिजली कनेक्शन को लेकर भेदभाव किए जाते हैं। यह एक गंभीर समस्या है।’ उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के कई अन्य जनप्रतिनिधि भी अपने-अपने क्षेत्रों को लेकर इसी तरह की शिकायत कर चुके हैं।